गुजरात में एक बार फिर बन सकती है भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार
Updated : Mon, 05 Dec 2022 01:59 PM

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के दोनों चरण का मतदान खत्म हो चुका है। सोमवार देर शाम जारी किए एक्जिट पोल में पूर्वानुमान लगाया गया है कि राज्य में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
मौजूदा समय में गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और भूपेंद्रभाई पटेल मुख्यमंत्री हैं। भाजपा ने इस बार भी उन्हें ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। भाजपा का मुख्य मुकाबला कांग्रेस और पहली बार राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आमदी पार्टी से है। आप ने भी इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इंडिया टूडे ग्रुप-एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार एक बार फिर बन रही है। भाजपा को इस बार 128-144, कांग्रेस को 30-42 और आम आदमी पार्टी को 2-10 सीटें मिलने की बात कही गई है।
टीवी-9 गुजराती के एक्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा को 125-130, कांग्रेस को 40-50 और आम आदमी पार्टी को 3-5 सीटें मिल सकती हैं। इस तरह राज्य में फिर से भाजपा इतिहास रचते हुए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
रिपब्लिक टीवी और P-Marq के एक्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार एक बार फिर बन सकती है। भाजपा को 128-148, कांग्रेस को 30-42 और आम आदमी पार्टी को 2-10 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है।