G-20 की अध्यक्षता मिलने पर जश्न शुरू, आगरा फोर्ट समेत 7 दिन तक रोशनी से जगमगाएंगे देश के 100 स्मारक
Updated : Thu, 01 Dec 2022 01:24 PM

विकसित और विकासशील देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता गुरुवार से भारत को मिल गई। एक वर्ष के लिए जी-20 की अध्यक्षता मिलने की खुशी में देश के 100 स्मारकों को सात दिनों के लिए रोशन किया जा रहा है। गुरुवार शाम से यह रोशनी में जगमगा उठेंगे। स्मारकाें के बाहर जी-20 का लोगो भी लगाया जाएगा।
जी-20 की अध्यक्षता में होंगी बैठकें
भारत को जी-20 की अध्यक्षता एक दिसंबर से 30 नवंबर तक के लिए मिली है। एक वर्ष की अवधि में जी-20 देशों के प्रतिनिधियों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठनों की बैठकें होंगी। शिखर सम्मेलन नौ व 10 सितंबर को दिल्ली में होगा। आगरा को कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक के लिए चुना गया है। इस बीच संस्कृति मंत्रालय ने देश के 100 स्मारकों को एक से सात दिसंबर की अवधि में रोशन करने का निर्णय लिया है। अागरा में आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा को रोशन करने को चुना गया है। इन्हें गुरुवार शाम से रोशन किया जाएगा। इसका ट्रायल मंगलवार व बुधवार को किया जा चुका है।