दिन दहाड़े गोली मारकर युवती की हत्या, भाई ने ही संपत्ति के विवाद में चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां
Updated : Sat, 26 Nov 2022 12:31 PM

आगरा के व्यस्त शाहगंज बाजार की संकरी गली में संपत्ति के विवाद में शनिवार को भाई ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर बहन की हत्या कर दी। फायरिंग में आरोपित की भाभी भी घायल हो गई। दुस्साहसिक हत्याकांड की जानकारी होने पर एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
मामले के अनुसार शाहगंज बाजार निवासी 25 वर्षीय पूनम चौधरी पुत्री यतेंद्र चौधरी का अपने भाई ललित उर्फ निक्कू चौधरी से संपत्ति का विवाद चल रहा था। पूनम चार भाई-बहन थे। बड़े भाई रूपेश की भी 15 वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। माता मुन्नी और पिता की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। परिवार में पूनम, निक्कू और बड़ी बहन दीपा के अलावा रूपेश की विधवा नीलू है। पूनम और नीलू संपत्ति में अपना हिस्सा मांग रहे थे। बाजार में गली के अंदर करीब दो दर्जन दुकान हैं। गली में ही बड़े परिसर में परिवार रहता है। निक्कू की भाभी नीलू एक दिन पहले अपने मायके बुलंदशहर से आई थी।