फरवरी में आगरा आएंगे जी-20 के प्रतिनिधि, देखेंगे ताजमहल, किला और फतेहपुर सीकरी
Updated : Thu, 24 Nov 2022 05:04 PM

जी-20 के प्रतिनिधियों की आगरा विजिट फरवरी-2023 के पहले सप्ताह में होगी। विदेशी मेहमान यहां स्थित विश्व धरोहर स्थलों ताजमहल (Taj Mahal), आगरा किला (Agra Fort) और फतेहपुर सीकरी (Fatehpur Sikri) को देखेंगे। बुधवार शाम डीएम नवनीत सिंह चहल ने कैंप कार्यालय में बैठक की। इसमें नगर निगम, एएसआइ, एडीए, बिजली विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत कर रहा इस बार अध्यक्षता
भारत जी-20 की अध्यक्षता इस वर्ष एक दिसंबर से अगले वर्ष 30 नवंबर तक करेगा। जी-20 देशों के नेताओं का शिखर सम्मेलन 9 व 10 सितंबर को दिल्ली में होगा। एक वर्ष की अवधि के दौरान जी-20 के प्रतिनिधियों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठनों की करीब 200 बैठकें देश में होंगी। बैठकों व शिखर सम्मेलन में आने वाले मेहमान देश में स्थित धरोहरों का भी भ्रमण करेंगे। कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक आगरा में होगी। जी-20 के सदस्यों की आगरा विजिट छह व सात फरवरी को प्रस्तावित है। दो दिवसीय विजिट में जी-20 के सदस्य ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत अन्य स्मारकों काे निहारेंगे। इसके लिए एएसआइ के दिल्ली मुख्यालय के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।