Taj Mahal पर बंदरों का आतंक जारी, टिकट लेने आई विदेशी पर्यटक पर किया हमला, कान में लगी चोट
Updated : Thu, 24 Nov 2022 04:54 PM

ताजमहल पर बंदर पर्यटकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। गुरुवार को विदेशी महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला बोल दिया। इससे महिला पर्यटक के कान में चोट आ गई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के कर्मचारियों द्वारा उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। ताजमहल देखने के बाद महिला पर्यटक बिना शिकायत दर्ज कराए चली गई।
गाइड के साथ टिकट लेने आई थी महिला पर्यटक
घटना गुरुवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित टिकट विंडो पर विदेशी महिला पर्यटक अपनी गाइड के साथ टिकट लेने पहुंची थी। इसी बीच अचानक आए बंदर महिला पर हमलावर हो गया। उसने महिला के चेहरे पर झपट्टा मारा। इससे महिला पर्यटक के कान में चोट लग गई। पर्यटक के चिल्लाने पर अन्य पर्यटकों द्वारा शोर मचाए जाने पर बंदर भाग गया। टिकट विंडो पर मौजूद एएसआइ कर्मचारियों ने महिला पर्यटक का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद महिला पर्यटक ने गाइड के साथ ताजमहल देखा।