भारत को कौशल विकास की राजधानी बनाना चाहते हैं PM Modi, पहली ग्लोबल स्किल समिट में शामिल हुए 10 देशों के राजदूत
Updated : Tue, 15 Nov 2022 06:07 PM

कुशल मानव श्रम के मामले में भारत को विश्व की राजधानी बनाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा पर विभिन्न मंत्रालयों ने साझा प्रयास शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को दिल्ली में पहली वर्चुअल ग्लोबल स्किल समिट आयोजित की गई, जिसमें दस देशों में तैनात भारत के राजदूतों ने भाग लिया। इसमें तीन वर्ष की कार्ययोजना पर विचार मंथन किया गया कि किस देश की मांग क्या है और भारत विश्व को कैसे कुशल मानव श्रम उपलब्ध करा सकता है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित वर्चुअल समिट की संयुक्त अध्यक्षता शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने की।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विश्व में भारत के मानव श्रम की मांग बढ़ी है। विश्व में जितने कुशल मानव श्रम की जरूरत है, उसे भारत पूरी कर सकता है। बाद में प्रधान से फिनलैंड के शिक्षा मंत्री पेट्री होंकोनेन ने भी मुलाकात की और कौशल विकास के क्षेत्र में साझा प्रयासों को मजबूत करने पर विचार विमर्श किया।