महाराष्ट्र बजट में यूपी के लिए बड़ा एलान, इस शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनवाएगी फडणवीस सरकार
Updated : Mon, 10 Mar 2025 10:56 PM

महाराष्ट्र सरकार ने अपने 2025-26 के बजट में आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की है। शिवाजी आगरा के किले से ही औरंगजेब की कैद से अपने पुत्र संभाजी के साथ बचकर कर निकल गए थे।
सरकार ने अपने बजट में मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना के लिए भी 36,000 करोड़ रुपए घोषित कर इस योजना को जारी रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जता दी है।
इन दिनों छत्रपति संभाजी महाराज पर बनी फिल्म ‘छावा’ का प्रदर्शन पूरे देश में चल रहा है। इससे इतिहास के कुछ नए पहलू सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार ने इन ऐतिहासिक पहलुओं को और उभारने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज एवं उनके पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज से जुड़े स्थानों पर उनके भव्य स्मारक बनाने की घोषणा अपने नए बजट में की है।
इनमें एक स्मारक आगरा में बनाया जाएगा, क्योंकि वर्ष 1666 में आगरा के किले से ही शिवाजी महाराज अपने पुत्र के साथ औरंगजेब की कैद से बचकर निकल भागे थे। दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री रहते एकनाथ शिंदे शिवाजी जयंती मनाने आगरा के किले में पहुंचे थे। अब फडणवीस सरकार ने अपने बजट में आगरा में उस स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक बनाने की घोषणा की है, जहां उन्हें कैद करके रखा गया था। स्मारक के लिए भूमिक की व्यवस्था उत्तर प्रदेश सरकार करेगी।