ताजमहल के एक और हिस्से में अब सैलानियों की 'नो एंट्री', क्या है वजह? गाइडों और पर्यटक संस्थाओं ने जताई आपत्ति
Updated : Thu, 06 Mar 2025 06:09 PM

ताजमहल में पहले से बंद हिस्सों की सूची में एक नाम और जुड़ गया है। मुख्य मकबरे की पूर्वी दिशा में स्थित मेहमानखाना में पर्यटकों की नो एंट्री कर दी गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने मेहमानखाना के सामने की तरफ स्थित तीनों दरवाजों पर रेलिंग लगा दी है।
मेहमानखाना की दीवार व छत पर हो रही पेंटिंग को देखने से वंचित हुए पर्यटकों में इससे निराशा है। गाइड व पर्यटन संस्थाएं भी इस पर आपत्ति जता रहे हैं। ताजमहल में मुख्य मकबरे की पश्चिमी दिशा में शाही मस्जिद बनी है। मकबरे की पूर्वी दिशा में मेहमानखाना बनवाया गया था।
एएसआइ ने पिछले वर्ष मस्जिद में रेलिंग लगवाकर लोगों का प्रवेश बंद कर दिया था। अब हाल ही में मेहमानखाना में पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। मेहमानखाना की पश्चिमी दिशा में स्थित मुख्य प्रवेश द्वार व उसके दाएं व बाएं बने छोटे द्वार पर रेलिंग लगा दी गई है।
गाइड योगेश शर्मा ने बताया मेहमानखाना से सूर्यास्त के समय ताजमहल का मनोरम नजारा पर्यटकों को लुभाता है। इसे खोला जाना चाहिए।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कर्मचारियों को मेहमानखाना के अंदर रेलिंग इस तरह लगाने को कहा था, जिससे पर्यटक दीवार को छू नहीं सकें। संभवत: रेलिंग कम पड़ने या गलत समझ की वजह से कर्मचारियों ने पूरा मेहमानखाना बंद कर दिया। इसे सही कराया जाएगा।
मेहताब बाग पर ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही
मेहताब बाग से ताजमहल की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लगी है। सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही से विदेशी महिला पर्यटक यमुना की तलहटी में उतरकर ताजमहल के नजदीक चली गई।
ताज व्यू प्वाइंट से बनाया गया एक मिनट 32 सेकेंड का वीडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसमें एक विदेशी महिला पर्यटक यमुना की तलहटी में ताजमहल के समीप जाकर मोबाइल से फोटो खींचते व वीडियो बनाकर वापस लौटते हुए दिख रही है।