जिस आगरा किला में हुआ था छत्रपति शिवाजी का अपमान, वहां आज गूंजेगी उनकी शौर्य गाथा; 'छावा' की दिखेगी झलक
Updated : Wed, 19 Feb 2025 11:02 PM

महाराष्ट्र का अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान वर्ष 2023 व 2024 में आगरा किला में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर कार्यक्रम कर चुका है। आज शाम सात से रात 10 बजे तक होने वाले कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अिभनेता विक्की कौशल शामिल होंगे। अभिनेता विक्की कौशल ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म छावा में छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभाया है।
आगरा किला में बुधवार को हिंदवी स्वराज्य की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज की शौर्य गाथा गूंजेगी। छत्रपति शिवाजी महाराज के औरंगजेब के दरबार में आने और उसकी कैद से बचकर निकलने की शौर्य गाथा समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का नाट्य मंचन किया जाएगा।
महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से आए मावले लगातार तीसरे वर्ष ऐतिहासिक पलों के साक्षी बनेंगे। अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान द्वारा महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से आयोजित शिव जन्मोत्सव का आयोजन आगरा किला में जहांगीरी महल के सामने शाम सात से रात 10 बजे तक किया जाएगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अभिनेता विक्की कौशल मुख्य अतिथि रहेंगे। मंगलवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल समोवर में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने आगरा किला में औरंगजेब के दरबार में अस्मिता और स्वाभिमान का प्रदर्शन किया था। उसी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई जाएगी।