Taj Mahotsav 2025: सुनील ग्रोवर की कॉमेडी और सचेत व परंपरा का गायन, नोट कीजिए ताज महोत्सव के कार्यक्रमों की डेट
Updated : Sun, 16 Feb 2025 01:11 PM

सुनील ग्रोवर अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को गुदगुदाएंगे तो भजन गायक कन्हैया मित्तल अपने भजनों से श्रोताओं पर भक्ति रस बरसाएंगे। जस्सी गिल सचेत व परंपरा नितिन कुमार अपने गीतों पर दर्शकों को झुमाएंगे। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने कलाकारों के प्रस्तावित कार्यक्रम तय कर दिए हैं। बटेश्वर में यमुना आरती के साथ भजन गूंजेंगे तो फतेहपुर सीकरी की फिजां सूफी संगीत की रूमानियत घुलेगी।
ताज महोत्सव में सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। शिल्पग्राम परिसर व उसके बाहर 100 सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।। पुलिसकर्मियों के अलावा 60 सिक्योरिटी गार्ड्स भी तैनात किए जाएंगे। पब्लिक अनाउंस सिस्टम लगाया जाएगा।
विभिन्न स्थानों पर एलईडी लगाकर मुख्य मंच पर होने वाले कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा। पिछली बार गुरु रंधावा के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ था, जिससे इस बार दर्शक दीर्घा में ब्लाक बनाकर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
तीन दिन में शुरू होगा महोत्सव
ताज महोत्सव में अब केवल तीन दिन बचे हैं। शुक्रवार शाम शिल्पग्राम स्थित पर्यटन निगम के रेस्टोरेंट में मंंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह, पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गाैड और डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने महोत्सव की तैयारियाां जानने को बैठक की। महोत्सव में 376 स्टाल लगेंगी, जिनकी बुकिंग हो चुकी है। छोटी स्टाल के आवेदन आ रहे हैं, जिनके लिए खुली जगह पर व्यवस्था की जा रही है। चार टिकट काउंटर बनाए जाएंगे।
बैठक के बाद अधिकारियों ने शिल्पग्राम में बनीं शिल्पी स्टाल, मुख्य मंच, झूले की जगह का निरीक्षण किया। दर्शक दीर्घा में समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को मोबाइल टायलेट की व्यवस्था करने को कहा गया। शिल्पग्राम के बाहर ताज पूर्वी गेट रोड पर आकर्षक लाइटिंंग व सजावट के निर्देश दिए गए।