• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


104 दिनों बाद मेहताब बाग में मिली 50 हजार की इनामी डॉगी ग्रे हाउंड... रोते हुए दंपती ने लगाया गले

Updated : Sun, 16 Feb 2025 01:06 PM

मेहताब बाग में 104 दिनों से लापता ग्रे हाउंड नाम की पालतू कुतिया आखिरकार अपने मालिकों से मिल गई। गुरुग्राम के दीपायन घोष और उनकी पत्नी कस्तूरी घोष ने अपनी प्यारी कुतिया को खोजने के लिए हर संभव कोशिश की। उन्होंने विभिन्न जगहों पर पोस्टर लगवाए और 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें अपनी ग्रे हाउंड मिल गई।

न खाने की चिंता और न ही पानी की। जुबां पर एक ही बात ग्रे हाउंड कहां हो...आ जाओ। अब हम तुम्हे कभी अकेला नहीं छोड़ेंगे। अब साथ घर चलेंगे और खूब खेलेंगे। आ जाओ प्यारी डागी...। कुछ इन्हीं शब्दों के साथ शनिवार शाम पांच बजे गुरुग्राम हरियाणा की कस्तूरी घोष ने मेहताब बाग के जंगल में खूब आवाजें दीं। कस्तूरी का गला भर आया।

 

पति दीपायन घोष ने सहारा दिया। 35 मिनट बीतने के बाद कस्तूरी भूमि में बैठ गईं। तभी उन्हें उनकी प्यारी मादा श्वान ग्रे हाउंड नजर आई। ग्रे हाउंड ने 20 मीटर की दूरी से दौड़ लगाई और गोद में आकर बैठ गई। 104 दिनों के बाद मिली ग्रे हाउंड से लपटकर कस्तूरी और दीपायन रोने लगे। ग्रे फाइव स्टार होटल से लापता हुई थी। दंपती ने विभिन्न जगहों पर पोस्टर लगवा दिए थे। 50 हजार रुपये के इनाम देने की घोषणा की थी।

 

दो पालतू श्वान साथ लेकर आए थे आगरा घूमने

हुडा सिटी गुरुग्राम हरियाणा निवासी दीपायन घोष एयर इंडिया में कर्मचारी हैं। एक नवंबर 2024 को पत्नी कस्तूरी के साथ आगरा घूमने आए थे। फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज व्यू में रुके थे। उनके साथ दो पालतू श्वान भी थे। इसमें एक जर्मन शेफर्ड प्रजाति की क्रास ब्रीड ग्रे हाउंड थी। मादा श्वान की उम्र दस साल थी। दो हजार रुपये होटल प्रशासन को दिए थे।

तीन नवंबर की सुबह साढ़े आठ बजे घोष दंपती फतेहपुर सीकरी स्मारक घूमने गए थे। तभी होटल स्टाफ ने सुबह 11 बजे मादा श्वान ग्रे हाउंड के लापता होने की जानकारी दी। दोपहर एक बजे वापस होटल आए और ग्रे को तलाशना शुरू कर दिया। घोष दंपती ने मुकदमा दर्ज कराया और दस हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। विभिन्न जगहों पर पोस्टर लगवा दिए। जिसे बढ़ाकर पहले 30 हजार और फिर 50 हजार कर दिया।

 

दंपती नियमित अंतराल में आगरा आते रहे और मादा श्वान की विभिन्न जगहों पर तलाश की। 50 से अधिक फोटो उनके पास लोगों ने भेजीं लेकिन उनकी ग्रे हाउंड की नहीं थीं। शुक्रवार शाम छह बजे टूर गाइड प्रशांत जैन ने एक वीडियो भेजा। वीडियो में हुबहू ग्रे हाउंड थी। दीपायन ने बताया कि वीडियो देखकर उन्हें यकीन नहीं हुआ। एक एनजीओ के कर्मियों को भेजा। मौके की फोटो मंगवाई गईं।

 

मेहताब बाग के जंगल में ग्रे हाउंड नजर आ रही थी। शनिवार सुबह 11 बजे पत्नी कस्तूरी के साथ आगरा आ गए। हरीपर्वत स्थित एक होटल में कमरा किराए पर ले लिया। ग्रे हाउंड की तलाश में जंगल में पहुंच गए। उसकी एक झलक दिखी। आवाज लगाई लेकिन वह पास नहीं आई और भाग खड़ी हुई। पीछा किया लेकिन पकड़ से बाहर रही। शाम पांच बजे फिर से उसी जगह पर पहुंच गए।

 

दीपायन ने बताया कि उन्होंने और पत्नी कस्तूरी ने खूब आवाज लगाई। 30 मिनट के बाद उनकी प्यारी ग्रे नजर आई। उसे देखकर पत्नी भूमि में बैठ गई। यह देखकर ग्रे दौड़ लगाकर पत्नी की गोद में आकर बैठ गई। दोबारा वह भाग न जाए। इसके चलते पकड़ लिया फिर होटल में लेकर आ गए। पूरे 104 दिनों के बाद ग्रे मिली है।