• Home
  • Mon, 17-Feb-2025

Breaking News


यूपी के इस जिले को जाम से मिलेगी निजात, 7 जोन में बांटा गया शहर; पुलिसकर्मियों को दी गई अलग-अलग जिम्मेदारी

Updated : Mon, 03 Feb 2025 10:48 PM

आगरा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इसे सात जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन के लिए एक यातायात निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इस व्यवस्था से शहर में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिली है। एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया शहर को जाेन में बांटने के साथ ही वहां के मानचित्र में कई चीजों को दर्शाया गया है।

वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सात जोन में बांटा गया है। इसके तहत यातायात निरीक्षकों को अलग-अलग जोन का प्रभारी बनाया गया है। संबंधित जोन में यातायात व्यवस्था को सुगमता पूर्वक संचालन की जिम्मेदारी यातायात निरीक्षक की होगी।

 

शहर के छोटे-बड़े 60 से अधिक चौराहों एवं तिराहों से लाखों वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर दबाव बढ़ा है। अलग-अलग चाैराहों और सड़कों पर वाहनों के दबाव का अध्ययन करने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को सात जोन में बांटा गया। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक यातायात निरीक्षक को दी गई। जरूरत के हिसाब से प्रत्येक जोन के प्रभारी को यातायात पुलिसकर्मी दिए गए हैं।

 

जाम की समस्या से मिलेगी निजात

एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया शहर को जाेन में बांटने के साथ ही वहां के मानचित्र में कई चीजों को दर्शाया गया है। जिसमें आसपास के चौराहे, बस स्टैंड एवं स्टापेज, रेलवे स्टेशन, थानों व चौराहों को दर्शाया गया है। जोन की व्यवस्था लागू होने से पहले की तरह जाम की स्थिति से मुक्ति मिली है।

वाहनों का दबाव किसी जोन में अधिक होने पर कंट्रोल रूम से पता चल जाता है। इससे कम दबाव वाले जोन में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को दूसरे जाेन में भेज दिया जाता है।

 

ये हैं सात जोन

  • भगवान टाकीज चौराहा एमजी रोड से क्लब चौराहे तक
  • एमजी रोड-दो: सुभाष पार्क, पचकुइयां कोठी मीना बाजार, मारूति एस्टेट, बोदला से सिकंदरा
  • राष्ट्रीय राजमार्ग: रैपुरा अहीर दक्षिणी बाइपास से वाटर वर्क्स फ्लाई चौराहा
  • वाटर वर्क्स फ्लाई ओवर से रामबाग, शाहदरा, टेढ़ी बगिया, झरना नाला एवं कुबेरपुर
  • कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे, रमाडा कट, फतेहाबाद रोड, ग्वालियर रोड होते हुए क्लब चौराहा, एयरपोर्ट
  • यमुना किनारा मार्ग से श्मशान घाट तिराहा, विक्टोरिया पार्क, अमर सिंह गेट, बिजलीघर, पुरानी मंडी चौराहा
  • ग्रामीण क्षेत्र: एत्मादपुर, खंदौली, फतेहपुर सीकरी रोड

ई-रिक्शा के लिए तय नहीं हुए रूट, जाम से लोग परेशान

फिरोजाबाद में स्मार्ट सिटी में सड़कों पर बेलगाम ई-रिक्शा दौड़ने से यातायात व्यवस्था चौपट हो गई है। शहर के प्रवेश द्वार सुभाष तिराहा हो या अन्य कोई चौराहा। भीड़ भरे स्थानों पर सुबह से रात तक ई-रिक्शाें की कतार लगी रहती है। इससे वाहन चालक और राहगीरों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। डीएम की सख्ती के बाद भी ई-रिक्शा के लिए रूट तय नहीं हो सके।