Maha Kumbh: महाराष्ट्र से प्रयागराज आ रहीं हजारों कॉल, टोल फ्री नंबर पर सबसे ज्यादा ये सवाल पूछ रहे लोग
Updated : Sun, 26 Jan 2025 09:51 PM

मौनी अमावस्या पर महाकुंभ आने के लिए रेलवे के टोल-फ्री नंबर 18004199139 और 139 पर रोज हजारों कॉल आ रही हैं। सबसे ज्यादा कॉल महाराष्ट्र से हैं जहां यात्री मुंबई से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों की जानकारी मांग रहे हैं। ओडिसा और केरल दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। रेलवे ने कुंभ रेल सेवा ऐप भी लॉन्च किया है जिसे 15000 से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
मौनी अमावस्या पर महाकुंभ आने के लिए हर दिन हजारों फोन काल प्रयागराज आ रहे हैं। यह फोन रेलवे के टोल फ्री नंबर 18004199139 व 139 पर आ रहे हैं। इसमें सर्वाधिक फोन महाराष्ट्र से आ रहा है।
पहला सवाल यही होता है कि मुंबईची ट्रेन कुठे मिळेल? यानी मुंबई की ट्रेन कहां मिलेगी। दरअसल रेलवे विशेष ट्रेन का संचालन मुंबई समेत पूरे देश में अलग-अलग रूटों पर कर रहा है। मुंबई के लिए किस स्टेशन पर विशेष ट्रेन मिलेगी, इसकी जानकारी अधिकांश यात्री मांग रहे हैं।
महाराष्ट्र के बाद फोन करने के मामले में ओडिसा दूसरे व केरल के यात्री तीसरे स्थान पर हैं। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा एप भी बनाया गया है। इसे 15 हजार से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
वहीं, अब तक नौ हजार फोन काल रेलवे के टोल फ्री नंबर पर आ चुकी हैं। यात्रियों ने 17 हजार मिनट अब तक बात की है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि कुंभ रेल सेवा एप में रेलवे से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी है। इसमें प्रयागराज के दर्शनीय स्थलों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।