• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


48 घंटे के भीतर बदलेगा मौसम, 11 राज्यों में बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट; यूपी समेत इन स्थानों पर छाएगा घना कोहरा

Updated : Fri, 10 Jan 2025 05:05 PM

उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु समेत कुल 11 राज्यों में आने वाले दो दिनों के अंदर बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। ईरान से आ रहा पश्चिमी विक्षोभ पूरे उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। आने वाले 2-3 दिनों तक कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि उत्तर भारत के न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है।

उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बार भी कई राज्यों में घने कोहरे और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम ईरान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह तेजी से उत्तर पश्चिम भारत की तरफ बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 11 और 12 जनवरी को बारिश के आसार हैं। 12 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उधर, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कोल्ड- डे जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 और 13 जनवरी को हरियाणा-चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पंजाब के कुछ स्थानों में 12 और 13 जनवरी को सुबह व रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। 11 जनवरी को बिहार, सिक्किम और उत्तर बंगाल व पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में सुबह और रात को घने कोहरे की संभावना है।

आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि ईरान में सक्रिय नया पश्चिम विक्षोभ आने वाले 48 घंटों के भीतर उत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है। विक्षोभ की वजह से आज और कल (11 जनवरी) को पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ ओलावृष्टि हो सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 2-3 दिनों तक पूरे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।