• Home
  • Thu, 02-May-2024

Breaking News


Agra News: चुनाव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मध्यप्रदेश के रहने वाले तीन लोग गिरफ्तार, खंडहर में बना रखी थी तमंचे की फैक्ट्री

Updated : Tue, 16 Apr 2024 02:17 AM

आगरा पुलिस ने खंडहर में बनी तमंचा बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया है। शाहगंज पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपित मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। तमंचा बनाने वाले लोग कुछ दिनों में ही अपना ठिकाना बदल देते थे। -पथौली इलाके में खोली थी फैक्ट्री एक घंटे में तमंचा बनाकर देते थे

मध्य प्रदेश की घुमंतू जनजाति के शातिरों ने पथौली इलाके के एक खंडहर में तमंचा बनाने की फैक्ट्री खोल रखी थी। मांग पर एक घंटे में तमंचा बनाकर देते थे। शाहगंज पुलिस ने रविवार रात छापा मारकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से नौ तैयार तमंचे, कारतूस और उसे बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपितों ने बताया कि वह अलग-अलग शहरों में जाकर तमंचे बनाकर बेचते थे। कुछ दिन बाद ठिकाना बदल देते थे।

अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी ने बताया चुनाव से पहले पुलिस अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पथौली इलाके में एक खंडहर में तमंचा बनाने की फैक्ट्री चल रही है। एसीपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में शाहगंज पुलिस ने छापा मारकर महेंद्र, आजाद सिंह और प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।तीनों जिला उंडी खोदरी (मध्य प्रदेश) के थाना पलसूद के रहने वाले हैं।आरोपितों से नौ तमंचे बरामद किए हैं।

आरेपितों ने पूछताछ में बताया कि वह मांग होने पर एक से डेढ़ घंटे में तमंचा तैयार करते थे। इसके बाद आगरा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और आसपास के जिलों में बेचते थे। एक तमंचा बनाने में डेढ़ हजार रुपये लागत आती थी। इसे वह तीन हजार रुपये तक में बेचते थे। आरोपितों द्वारा अब तक 200 से अधिक तमंचे बनाकर बेचने की जानकारी पुलिस को दी गई है।आगरा में कुछ दिन पहले ही फैक्ट्री बनाई थी।