मास्टर प्लान- 2031 फेज दो में विकसित होगा न्यू आगरा अर्बन सेंटर, एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू
Updated : Mon, 11 Mar 2024 03:29 AM

यीडा की 79वीं बोर्ड बैठक में न्यू आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान तैयार कराने पर सहमति दी गई थी। यीडा की आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ किमी के दायरे में चार विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) विकसित करने की योजना है। चारों एसईजेड में इलेक्ट्रानिक व्हीकल्स इलेक्ट्रानिक्स आधारित उद्योग लगाए जाएंगे। आवासीय संस्थागत वाणिज्यिक व अन्य गतिविधियां होंगी।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) आगरा में न्यू आगरा अर्बन सेंटर बनाएगा। यह 10 हजार 500 हेक्टेयर में बनेगा। मास्टर प्लान-2031 के फेज दो में न्यू आगरा अर्बन सेंटर को शामिल करते हुए यीडा ने मास्टर प्लान तैयार करने को सलाहकार एजेंसी से प्रस्ताव मांगे हैं। चयनित एजेंसी सर्वे कर मास्टर प्लान के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
यीडा ने फेज दो में मास्टर प्लान-2031 में आगरा के अधिसूचित क्षेत्र को शामिल करते हुए न्यू आगरा अर्बन सेंटर की रूपरेखा पर काम शुरू किया गया है। यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में आगरा के 60 गांव अधिसूचित हैं। इन गांवों का कुल क्षेत्रफल 11 हजार 455 हेक्टेयर है। यीडा इसमें से 10 हजार 500 हेक्टेयर का मास्टर प्लान तैयार करने जा रहा है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त की जाएगी। न्यू आगरा अर्बन सेंटर में औद्योगिक, आवासीय, हरित क्षेत्र समेत सभी तरह की अनुमन्य गतिविधियां होंगी।
सलाहकार एजेंसी को रिपोर्ट में जनसंख्या, ट्रांसपोर्ट सिस्टम, सड़कों का संरचनात्मक ढांचा, पर्यावरण की स्थिति, आर्थिक-सामाजिक सुविधाएं, उद्योग की स्थिति व संभावना, कारोबार की स्थिति, यमुना नदी समेत क्षेत्र में मौजूद जल स्रोत की स्थिति पर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। लैंड यूज, लोकेशन प्लान, ट्रांसपोर्ट मास्टर प्लान, कैपिटल इंवेस्टमेंट्स प्लान आदि इसमें शामिल होंगे।