गिनी में आगरा का युवक तुषांत बंसल बनाया बंधक; परिवार को पिटाई का वीडियो भेजकर मांगी मदद, पिता ने लगाई बचाने की गुहार
Updated : Sat, 17 Feb 2024 06:32 PM

प. अफ्रीकी देश गिनी में शाहगंज का युवक बंधक। अक्टूबर 2021 में तुषांत बंसल को कंपनी में मिली थी नियुक्ति l स्वजन से फोन पर संपर्क कर बंधक बना यातनाएं देने की दी जानकारी। पिता ने बताया उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पुलिस आयुक्त के अलावा मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्रालय में प्रार्थना पत्र भेजा है। पुत्र की सकुशल देश वापसी के लिए गुहार लगाई है।
पश्चिमी अफ्रीका देश गिनी में आगरा के एक युवक को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवक ढाई वर्ष पहले एक कंपनी में नियुक्ति पर गया था। दो वर्ष तक सामान्य चला। छह महीने पहले युवक ने स्वजन से फोन पर संपर्क कर अपने बंधक होने की जानकारी दी।
स्वजन ने पुलिस आयुक्त के साथ ही मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मदद करने की गुहार लगाई है।
मामला अलबतिया रोड शाहगंज में रहने वाले तुषांत बंसल का है। तुषांत के पिता मुकेश कुमार अग्रवाल ने बताया, पुत्र का वर्ष 2021 में एक कंपनी द्वारा फोन पर इंटरव्यू लिया गया था। इसके बाद तुषांत ने अपना पासपोर्ट बनवाया। कंपनी ने एक महीने का वीजा और टिकट भेजा।
2021 में गिनी चला गया था
तुषांत अक्टूबर 2021 में गिनी चला गया। पिता का आरोप है कि कंपनी द्वारा उस पर दबाव बनाकर काम कराया जा रहा है। हालांकि, इस दौरान तुषांत की स्वजन से नियमित बात होती रही। 25 जून 2023 से अचानक बात होना बंद हो गई। एक दिन अपरिचित नंबर से उसका फोन आया। तुषांत ने रोते हुए बताया कि कंपनी ने उसे बंधक बना लिया है। उस पर कंपनी की धनराशि गबन करने का आरोप लगा मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।