• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Agra Crime News: आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड; मां और बेटे को मारकर युवक ने किया सुसाइड, पत्नी गई थी खाटू श्याम मंदिर

Updated : Sun, 11 Feb 2024 12:00 AM

न्यू लायर्स कालोनी में पाइप फैक्ट्री के मैनेजर ने शनिवार रात अपनी बुजुर्ग मां और इकलौते बेटे की हत्या कर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह कामवाली महिला के आने पर घटना की जानकारी हुई। तरुण का शव प्रथम तल पर फंदे से लटका मिला। इसी तल पर दूसरे कमरे मैनेजर के इकलौते बेटे का शव बेड पर मिला।भूतल पर बुजुर्ग मां का शव बेड पर था।

पुलिस को आशंका है कि दोनों को विषाक्त दिया गया है। मैनेजर के मोबाइल में छह मिनट का वीडियो मिला है। इसमें वह पाइप फैक्ट्री की डेढ़ करोड़ की देनदारी का दबाव बताते हुए परिवार को खत्म कर खुद आत्महत्या की बात कह रहा है।पत्नी के खाटू श्याम जाने के कारण उनकी जान बच गई।

पाइप फैक्ट्री में थे मैनेजर

न्यू लायर्स कालोनी में रहने वाले 42 वर्षीय तरुण चौहान खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के पास स्थित एक पाइप फैक्ट्री में मैनेजर थे। शनिवार को उनके घर में 65 वर्षीय मां बृजेश चौहान, इकलौता बेटा 12 वर्षीय कुशाग्र चौहान थे। पत्नी रजनी चौहान अपनी ननद गुंजन के साथ खाटू श्याम दर्शन के लिए गई थी। रविवार सुबह आठ बजे नौकरानी गीता प्रतिदिन की तरह काम करने पहुंची। मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। वह सीधे भूतल पर बने कमरे में गई तो वहां बृजेश देवी बेड पर पड़ी थीं। आवाज लगाने पर उनकी ओर से कोई उत्तर नहीं मिला। पास जाकर उन्हें हिलाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

यहां से गीता प्रथम तल पर पहुंची। वहां कमरे में तरुण का शव फंदे से लटका दिखा। दूसरे कमरे में कुशाग्र बेड पर पड़ा था। उसके ऊपर चादर पड़ी थी, लेकिन आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। यह देखकर गीता बाहर की ओर चीखती हुई दौड़ी। आसपास के लोग घर में पहुंचेे उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

फोरेंसिक टीम ने देखा घर

डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय और एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम बुला ली।जिस कमरे में तरुण का शव लटका था। उसके अंदर वाले कमरे में पुलिस को टेबल पर रखे दो मोबाइल मिले।इनमें से एक मोबाइल तरुण और दूसरा कुशाग्र के पास रहता था। मोबाइल की जांच करने पर वीडियो मिला।

छह मिनट का वीडियो

छह मिनट के इस वीडियो में तरुण मां, पत्नी और बेटे की हत्या कर खुद आत्महत्या करने की बात कह रहा है।इसका कारण वह फैक्ट्री की 1.25 करोड़ की देनदारी का दबाव बता रहा है, लेकिन फैक्ट्री मालिक को वीडियो में क्लीनचिट भी दी है। पत्नी रजनी शनिवार शाम को खाटूश्याम चली गई। इसलिए उसकी जान बच गई।

डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि मां और अपने बेटे की हत्या करने के बाद तरुण ने आत्महत्या की है।मोबाइल से मिले वीडियो से यह सामने आया है।आशंका है कि मां और बेटे को विषाक्त दिया गया है। पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर मिली सब्जी और चाय के नमूने लिए हैं।इससे स्थिति स्पष्ट होगी।