• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Bihar Politics: लालू के रडार से राजद के 12 विधायक बाहर, फ्लोर टेस्ट से पहले RJD में ही 'खेला'

Updated : Fri, 09 Feb 2024 05:14 PM

अबतक एक दर्जन विधायकों से लालू का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जो विधायक संपर्क में हैं उनके बारे में भी संशय कम नहीं हो पा रहा है। लालू की पहुंच से दूर रहने वाले विधायक मुस्लिम यादव समीकरण से अलग हैं। राजद पहले से ही मानकर चल रहा कि उसके दो विधायक आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद और मोकामा की नीलम देवी का खेमा बदल चुका है।

बिहार विधानसभा में शक्ति परीक्षण से दो दिन पहले राजद के लगभग 12 विधायक लालू प्रसाद के रडार से बाहर हैं। उनकी खोज-खबर ली जा रही है। फोन मिलाया जा रहा है। जिनके बारे में अता-पता नहीं चल रहा है, उनके नजदीकियों के पास 'विशेष दूत' भेजकर जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वे कहां हैं और सतत संपर्क में रहने से कन्नी क्यों काट रहे हैं।

सूचना है कि अबतक लगभग एक दर्जन विधायकों से लालू का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जो विधायक संपर्क में भी हैं, उनके बारे में भी संशय कम नहीं हो पा रहा है। लालू की पहुंच से दूर रहने वाले विधायक माय (मुस्लिम-यादव) समीकरण से अलग हैं। हालांकि राजद पहले से ही मानकर चल रहा कि उसके दो विधायक आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद और मोकामा की नीलम देवी का खेमा बदल चुका है। दोनों का राजद से मोहभंग हो चुका है। किंतु ताजा परेशानी लगभग दस अन्य विधायकों के कन्नी काटने से जुड़ी है।

राजद-कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा के साथ बनी बिहार की नई सरकार की विधानसभा में 12 फरवरी को परीक्षा है। इसी दिन विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी, जिससे साफ हो जाएगा कि किसके पक्ष में कितने विधायक हैं। अबतक कांग्रेस विधायकों के सबसे ज्यादा टूटने का डर था। यही कारण है कि 19 में से उसके 16 विधायकों को करीब हफ्ते भर से बिहार से बाहर हैदराबाद के रिसार्ट में रखा गया है, जहां कांग्रेस की सरकार है। भाजपा-जदयू की तरफ से भी एहतियात बरता जा रहा है। विधायकों पर नजर रखी जा रही है।

दरअसल कुछ दिन पहले राजद नेता तेजस्वी यादव के दिए गए उस बयान का मतलब निकाला जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि खेल अभी खत्म नहीं हुआ है। तेजस्वी का संकेत सदन में नीतीश कुमार की नई सरकार को बहुमत साबित करने के लिए आवश्यक संख्या से है। बिहार में बहुमत साबित करने के लिए कम से कम 122 विधायक चाहिए। सत्ता पक्ष के पास अभी 128 विधायक हैं।