एडीए के चार मंजिला फ्लैट में जोरदार धमाका, गिरीं चार फ्लैट की दीवारें; चार घायल
Updated : Fri, 26 Jan 2024 04:06 PM

आगरा के शास्त्रीपुरम में विकास प्राधिकरण के चार मंजिला फ्लैट के द्वितीय तल पर शुक्रवार सुबह 10 बजे जोरदार धमाके से लोग दहशत में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि तीन फ्लैट की दीवारें और एक का छज्जा क्षतिग्रस्त हाे गया। एक फ्लैट की खिड़की का जंगला धमाके के चलते 100 मीटर दूर जाकर गिरा।फ्लैट में रहने वाली महिला उसकी बेटियां और जेठ घायल हाे गए।
शास्त्रीपुरम में विकास प्राधिकरण के चार मंजिला फ्लैट के द्वितीय तल पर शुक्रवार सुबह 10 बजे जोरदार धमाके से लोग दहशत में आ गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि तीन फ्लैट की दीवारें और एक का छज्जा क्षतिग्रस्त हाे गया। एक फ्लैट की खिड़की का जंगला धमाके के चलते 100 मीटर दूर जाकर गिरा।फ्लैट में रहने वाली महिला उसकी बेटियां और जेठ घायल हाे गए। सिलेंडर में धमाका होने की सूचना पर अग्निशमन अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे की है। शास्त्रीपुरम में पुराने पावर हाउस के पास एडीए के चार मंजिला फ्लैट हैं। इनमें एफ ब्लाक दूसरी मंजिल पर बने फ्लैट संख्या 31 में जूता कारखाना में काम करने वाले दिलीप कुमार अपनी पत्नी बिमला देवी, बच्चों प्रियंका, स्नेहा, विवेक और बड़े भाई मुकेश के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह दिलीप उनका पुत्र काम से बाहर गए थे। पत्नी दोनों बेटी और भाई फ्लैट पर थे।
दिलीप कुमार के फ्लैट में भीषण धमाका होने से वहां रहने वाले लोग दहशत में आ गए। दिलीप के बाहरी कमरे की दीवार ढह गई। बराबर वाले फ्लैट संख्या 31 और नीचे के एक फ्लैट की मुख्य गेट की दीवार और छज्जा गिर गया। लोगों को लगा कि सिलेंडर में विस्फाेट हुआ है, वह अपने फ़्लैटों से भागकर बाहर आ गए। पुलिस ने लाेगों की मदद से बिमला देवी उनकी दोनों बेटियों और जेठ को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।उन्हें फ्लैट की रसोई में रखे तीन सिलेंडर सुरक्षित मिले। इनमें एक सिलेंडर भरा हुआ था। बाकी दोनों खाली थे। किचन का हिस्सा सुरक्षित था। इसने सिलेंडर में विस्फोट की आशंका को खारिज कर दिया।अग्निशमन अधिकारी अमर पाल सिंह ने बताया विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से सिलेंडर या अन्य किसी वस्तु में विस्फाेट के साक्ष्य नहीं मिले हैं। घायल चारों लोगों की हालत खतरे से बाहर है।
फ्लैट में सिलेंडर में विस्फोट होने के साक्ष्य नहीं मिलने पर लोगो काे आशंका है कि गैस गीजर में विस्फाेट हुआ होगा। पुलिस इस दृष्टिकोण से भी छानबीन कर रही है। घायल बिमला देवी की हालत में सुधार होने के बाद उनसे इस बारे में जानकारी करेगी।