श्रीराम को लगेगा आगरा की मिठाई का भाेग, अयोध्या पहुंचा '56 पेठा भाेग' मेवा-मिठाई से सजी गदा है आकर्षण का केंद्र
Updated : Sat, 20 Jan 2024 04:41 PM

22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा है। इस खास दिन के लिए देश के अलग अलग हिस्सों से उपहारों की भेंट भेजी जा रही है। आगरा से भी यहां की प्रसिद्ध मिठाई भेजी गई है। 56 किस्म का पेठा राम मंदिर में भाेग के लिए पहुंचाया गया है।
अयोध्या में श्रीराम को 22 जनवरी को भोग लगाने के लिए 56 पेठा भोग लेकर पेठा व्यापारी रवाना हो गए हैं। रविवार को पूरे शहर में वाहन पर सजे रथ में यात्रा को श्रीराम की झांकी के साथ भ्रमण कराया गया था। सोमवार सुबह पूजा अर्चना के साथ यात्रा रवाना हुई।
यात्रा में मेवा, मिठाई से तैयार गदा भी आकर्षण का केंद्र है। मंगलवार को यात्रा अयोध्या पहुंची। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा सभी राम भक्त अपना योगदान देने में जुटे हैं।
पेठा भोग लेकर गए यात्रा संयोजक प्राचीन पेठा के स्वामी राजेश अग्रवाल ने बताया कि हर कोई भोग के दर्शन के लिए आतुर दिख रहा है। पांच घंटे में इटावा तक पहुंच पाए है, इससे लोगों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। मंगलवार को पूजा अर्चना कर मंदिर के व्यवस्थापकों को पेठा भोग सौंप दिया।
पेठे को थालों में रखकर उस पर सोने, चांदी के वर्क लगाकर सजाया गया है। उसके ऊपर पन्नी चढ़ा दी गई है, जिससे कोई अशुद्धि न हो। वाहन रूपी रथ को एलईडी से सजाया गया है।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि हर राम भक्त में उत्साह है। वे अपनी क्षमता अनुसार योगदान देना चाहता है। व्यापारी पूरी क्षमता से ऐतिहासिक दिन को खास बनाने में जुटे हैं। सभी लोग 22 को घर-घर, दुकानों में दीप जलाकर उत्सव मनाएं।