Green Field Expressway: अलीगढ़-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे; 65 KM लंबे एक्सप्रेसवे का टेंडर जारी, चार लेन का होगा निर्माण
Updated : Wed, 03 Jan 2024 04:15 PM
Aligarh Agra Green Field Expressway 2385 करोड़ से बनेगा अलीगढ़-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस। 65 किमी लंबे एक्सप्रेस वे का टेंडर जारी नई दिल्ली में 14 फरवरी को खुलेगा। छह लेन के लिए भूमि का होगा अधिग्रहण चार लेन का होगा निर्माण। जल्द ही भूमि की दर संबंधित डीएम द्वारा घोषित की जाएगी। आगरा के तीन गांव खंदौली रामनगर और पैंतीखेड़ा शामिल हैं।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने आगरा के चौथे एक्सप्रेस वे का टेंडर जारी कर दिया। 65 किमी लंबे अलीगढ़-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण 2385 करोड़ रुपये से होगा।
छह लेन के लिए आगरा, हाथरस और अलीगढ़ के 65 गांवों में 390 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा लेकिन एक्सप्रेस वे को चार लेन का बनाया जाएगा। नई दिल्ली स्थित एनएचएआइ कार्यालय में 14 फरवरी को टेंडर खुलेगा।
नया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनने से आगरा से अलीगढ़ पहुंचने में एक घंटे से कम समय लगेगा। अभी यह दूरी तय करने में ढाई से तीन घंटे का समय लगता है। एनएचएआइ के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे आगरा स्थित खंदौली गांव से शुरू होगा। इसे यमुना एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा जबकि अलीगढ़ स्थित नेशनल हाईवे-91 से इसकी शुरुआत होगी। शून्य से 28 किमी लंबा एक्सप्रेस वे 1135 करोड़ रुपये और 29 से 65 किमी का एक्सप्रेस वे 1250 करोड़ रुपये से बनेगा।
तीन फ्लाईओवर, एक रेल ओवर ब्रिज और 55 अंडरपास का निर्माण होगा। छह लेन के लिए भूमि का अधिग्रहण होगा लेकिन चार लेन का एक्सप्रेस वे बनेगा। भविष्य में इसे छह लेन का किया जा सकेगा। बताया कि धारा तीन-ए घोषित हो गया है। इसमें भूमि को अधिग्रहण करने से पहले जानकारी देना शामिल है।