पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, सर्द हवाओं से दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड
Updated : Thu, 21 Dec 2023 03:33 AM
पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 23 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई ऊंची चोटियों के हिस्सों पर हिमपात और निचले हिस्सों में बूंदाबांदी की आशंका है। पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड का असर मैदानी इलाकों समेत पूरे उत्तर भारत में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी गुरुवार की सुबह धुंध और कोहरे की चादर दिखी। तेज बर्फीली हवाओं के कारण लोग ठिठुरते दिखे। मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली में अगले दो से तीन दिन तापमान में बहुत उल्लेखनीय बदलाव नहीं होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वहीं, शनिवार से उत्तराखंड में वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक छाए रहेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम लगातार बदल रहा है। बर्फीली हवाओं और कोहरे का प्रकोप राज्य में देखा जा रहा है। आज यानि गुरुवार की बात करें तो मौसम में बदलाव रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य में बादल छाए रहेंगे। वहीं, बुधवार को हल्की धूप के बीच सर्द हवाएं चलती रहीं। वहीं आज प्रदेश का अधितकम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
बिहार के दक्षिणी भागों में बादल छाए रहने के आसार
बिहार के मौसम में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। राजधानी समेत प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। बुधवार को पटना सहित 23 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, वहीं 11 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित दक्षिणी भागों के 18 शहरों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं, शेष भागों में कोहरे का प्रभाव बने होने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा।