पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठिठुरन
Updated : Tue, 19 Dec 2023 03:00 AM

जम्मू कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों में पड़ रही ठंड का असर मैदानों में दिख रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण दिल्ली-एनसीआर में बर्फीली हवा चलने के कारण पारा लुढ़कने लगा है। सर्द हवाओं के चलते कंपकंपी बढ़ गई है। वहीं मूसलाधार बारिश के कारण तमिलनाडु के कई जिलें जलमग्न हो गए हैं।
पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण दिल्ली-एनसीआर का पारा लुढ़कने लगा है। राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं के चलते कंपकंपी बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को हवा की रफ्तार 16 से 18 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
वहीं दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। एनसीआर के कई इलाकों में जबरदस्त ठंड के साथ कोहरा भी पड़ना शुरू हो गया है। वहीं, बारिश की बात करें तो कन्याकुमारी तिरुनेलवेल्ली थूथुकुडी और तेनकासी सहित दक्षिणी तमिलनाडु के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर से भारी तबाही मचाई है। राज्य में भारी बारिश के कारण खेत, सड़कें, रिहायशी इलाके तथा पुल जलमग्न हो गए हैं।
IMD के अनुसार, दिल्ली में अगले चार दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री जबकि न्यूनतम छह डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं बुधवार से शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं दिल्ली से सटे इलाकों को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन बाद हल्के बादल छाए रहने से सर्दी बढ़ सकती है। सोमवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा अधिकतम 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 40 प्रतिशत दर्ज की गई।