आगरा लोकसभा सीट पर BJP के कई दावेदार हुई सक्रिय, एसपी सिंह बघेल की मजबूत दावेदारी पर भारी पड़ सकते हैं जातिगत समीकरण
Updated : Sat, 16 Dec 2023 04:15 AM

भाजपा में संगठन की तैयारी के साथ दावेदारों ने भी लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। आगरा लोक सभा क्षेत्र से सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री हैं। पार्टी को उन पर पूरा भरोसा है।
मगर, आरक्षण में भी जातिगत समीकरण की बात करते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम यहां के दावेदारों की सूची में आ गए हैं। प्रदेश के एक मंत्री और पूर्व मंत्री के अलावा दूसरे जिले से एक विधायक का भी नाम दावेदारों में चल रहा है। हालांकि कोई दावेदार अभी तक लोक सभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं।
फतेहपुर सीकरी लोक सभा क्षेत्र में लोक सभा चुनाव से पहले भाजपा के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क साधने के साथ ही वे क्षेत्र में भी हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में हाजिरी लगा रहे हैं।
आगरा लोक सभा क्षेत्र में स्थिति थोड़ी अलग है।यहां से सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल मजबूती से खड़े हैं। पार्टी काे भी उन पर पूरा भरोसा है। मगर, उनके साथ ही यहां से कई दावेदार टिकट की लाइन में आ गए हैं।कुछ बोल रहे हैं तो कुछ चुपके से प्रयास कर रहे हैं।
उप्र सरकार में एक मंत्री भी यहां से टिकट की लाइन में हैं।इनके साथ दूसरे जिले से वर्तमान में एक विधायक भी दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी में चर्चाएं हैं कि दोनों संगठन में लगातार सक्रियता दिखाकर प्रयासरत हैं। इनमें से एक सामाजिक कार्यक्रमों में अधिक सक्रिय हैं।
एक पूर्व मंत्री और ब्रज क्षेत्र में पदाधिकारी भी अपनी पुत्रवधू के लिए एक बार फिर प्रयास कर रहे हैं।आगरा में अनुसूचित जाति में अपनी जाति के वोट अधिक बताते हुए वे मजबूती से दावा कर रहे हैं। दावेदारों में एक दूसरे जनपद के सांसद भी हैं।
कोठी मीना बाजार में रामकथा का आयोजन कराने के दौरान उनकी दावेदारी चर्चा में आई थी।कुछ दिनों से उनकी शहर और लोक सभा क्षेत्र में सक्रियता भी बढ़ी है।संगठन से जुड़े कई और नेता भी आगरा से अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में हैं।
संगठन के स्तर से सर्वे हो चुका है। रिपोर्ट गोपनीय रखी गई है। मगर, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को भी यहां से मजबूत माना जा रहा है। ऐसे में किसकी दावेदारी काम आएगी यह समय आने पर ही पता चल सकेगा।