Income Tax Survey: मुंशी पन्ना मसाला उद्योग पर 30 घंटे चली आयकर विभाग की जांच, करोड़ों का टर्नओवर लेकिन मामूली मुनाफा दिखाया
Updated : Sat, 02 Dec 2023 08:20 AM

मुंशीपन्ना मसाला उद्योग ने करोड़ों के टर्नओवर में मामूली मुनाफा दिखाया जिसके बाद आयकर ने सर्वे किया। आगरा और झांसी सहित 12 प्रतिष्ठानों पर 30 घंटे चला सर्वे। टीम ने कंप्यूटर हार्ड डिस्क खरीद बिक्री का लेखा- जोखा जब्त कर लिया। टीम को रियल एस्टेट में भी निवेश की जानकारी मिली है।
मसाला और ड्राई फ्रूटस के विक्रेता मुंशीपन्न मसाला उद्योग के आगरा और झांसी सहित 12 प्रतिष्ठानों पर 30 घंटे सर्वे चला। करोड़ों के टर्नओवर पर मामूली मुनाफा दर्शाने पर एक साथ 12 टीमों ने सर्वे शुरू किया।
शुक्रवार रात को फर्म संचालकों के एडवांस टैक्स जमा कराने के लिए तैयार होने पर सर्वे समाप्त हो गया।आयकर विभाग के 30 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कंप्यूटर हार्ड डिस्क, खरीद -बिक्री का लेखा- जोखा सहित दस्तावेज जब्त किया है। प्रधान आयकर आयुक्त प्रथम एस नय्यर अली नजमी के निर्देशन में संयुक्त आयकर आयुक्त शैलेंद्र श्रीवास्तव की अगुवाई में गुरुवार दोपहर दो बजे सर्वे शुरू हुआ।
आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की 12 टीमों ने वरुण गोयल, सचिन गोयल, नितिन गोयल की फर्म मुंशीपन्ना मसाला उद्योग के शाहदरा, रावतपाड़ा, कुबरेपुर और झांसी स्थित स्टाकिस्ट सहित 12 प्रतिष्ठानों पर सर्वे शुरू हुआ। टीम ने कुबेरपुर स्थित फैक्ट्री में मसाले और ड्राई फ्रूटस की आपूर्ति कर रहे शिव शक्ति और आशा ट्रेडर्स पर भी सर्वे किया।
फर्म के झांसी में स्टाकिस्ट हैं, वहां भी टीम ने दस्तावेजों की जांच की। फर्म का 200 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर है, प्रोफिट 0.47 दर्शाया जा रहा था। फर्म द्वारा खर्चा अधिक दर्शाने पर टीम ने दस्तावेजों की जांच की। जबकि मसाले की बिक्री करने वाली फर्म छह से सात प्रतिशत तक मुनाफा दर्शाती हैं। 30 घंटे चली सर्वे की कार्रवाई में टीम ने कंप्यूटर हार्ड डिस्क, खरीद बिक्री का लेखा जोखा के साथ ही एकाउंट बुक जब्त की हैं। इनकी जांच की जाएगी। सीआइटी राहुल कुमार सिंह सहित आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।