Agra Crime News: आगरा में मेड़ जोतने के विवाद में लाठी-डंडों से हमला, घात लगाकर बैठे हमलावरों ने किसान को मारी गोली
Updated : Mon, 27 Nov 2023 05:10 PM

मेड़ के विवाद में किसान को गोली मार दी। आगरा में खंदौली के गांव नगला उमराव की घटना घटित हुयी। आरोपित द्वारा मेड़ जाेतने की जानकारी पर किसान खेत पर गया था। गोली चलने से खेत पर गए ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्होंने किसान को उपचार के लिए भेजा। लाठी-डंडों से हमला भी बोला।
आगरा में खंदौली के नगला उमराव में खेत की मेड़ जोतने के विवाद में सोमवार सुबह किसान रामसहाय को गोली मारकर घायल कर दिया। गांव के ही ब्रजेश ने सुबह सात बजे रामसहाय की मेड़ जोत ली थी। रामसहाय गांव के लोगों को साथ लेकर खेत पर गए थे।
घटना सोमवार सुबह करीब सात बजे की है। नगला उमराव के रहने वाले किसान रामसहाय और ब्रजेश के खेत लगे हुए हैं। आरोप है कि ब्रजेश ने रामसहाय के खेत की मेड़ को जोत दिया था। इसकी जानकारी होने पर रामसहाय ने विरोध किया। वह ब्रजेश पक्ष द्वारा जबरन मेड़ जोतने पर ग्रामीणों को लेकर मौके पर गए थे।
रामसहाय पक्ष का आरोप है कि ब्रजेश और उसके पक्ष के लोग वहां पर पहले से घात लगाकर बैठे थे। रामसहाय के खेत पर पहुंचते ही लाठी-डंडों से हमला बाेल दिया। इसी दौरान ब्रजेश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली रामसहाय के कंधे में लगने पर वह घायल हो गए। एसीपी सौरभ सिंह ने बताया घायल की हालत खतरे से बाहर है। आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।