ताजमहल में विदेशी महिला द्वारा सफाई पर अखिलेश का तंज
Updated : Sat, 18 Nov 2023 03:02 AM

ताजमहल में विदेशी महिला पर्यटक द्वारा मुख्य मकबरे पर सफाई किए जाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर तंज किया है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए देश के बदनाम होने की बात उन्होंने कही है। विदेशी महिला द्वारा ताजमहल में मुख्य मकबरे पर सफाई की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहे हैं।
गुरुवार को ताजमहल देखने आई विदेशी महिला पर्यटक को मुख्य मकबरे पर कुछ जगहों पर शू-कवर बिखरे पड़े हुए मिले थे। उसने कर्मचारियों से शू-कवर हटाने को कहा था, लेकिन उसकी बात को अनसुना कर दिया गया था। इसके बाद विदेशी महिला पर्यटक ने इधर-उधर पड़े शू-कवर उठाए थे। इसकी तस्वीर व इंटरनेट मीडिया में शुक्रवार को प्रसारित हो गई। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा स्मारक में सफाई को किए गए इंतजामों पर सवाल उठे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ताजमहल परिसर में फैली गंदगी की कोई सुनवाई न होने पर विदेशी महिला ने स्वयं करी साफ-सफाई। जनता लखनऊ वाले माननीय से पूछ रही है कि वो दिखावटी झाड़ू अब कहां गई, जिसके साथ तस्वीर खिंचवाई थी। कहीं वो भी तो चुनाव प्रचार पर नहीं गई है। भाजपा सरकार दावे करती है कि उनके राज में दुनियाभर में देश का नाम हुआ है, सच तो ये है कि देश बदनाम हुआ है...।