आगरा के बिरहरू में बालक को जबड़े में दबाकर ले गया तेंदुआ, शोर मचाने पर छोड़कर भागा, फैली दहशत
Updated : Fri, 17 Nov 2023 03:12 AM

बिरहरू गांव में बुधवार रात स्वजन संग सो रहे आठ वर्षीय बालक पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। वह उसे जबड़े में दबाकर भाग निकला। आंख खुलने पर उसके जबड़े में बेटे को फंसा देख स्वजन की चीख निकल गई। शोर मचाते हुए ग्रामीणों के पीछा करने पर तेंदुआ बालक को छोड़कर भाग निकला। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी पर गुरुवार को वन विभाग की टीम ने तेंदुए के पदचिह्नों के नमूने जुटाए हैं। वहीं तेंदुए का एक वीडियो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसमें तेंदुआ एक शावक के साथ आठ फीट ऊंची दीवार पर चलते हुए दिख रहा है। यह वीडियो तीन दिन पुराना जाजऊ के पास एक पेट्रोल पंप के पीछे का बताया जा रहा है।
इसे पंपकर्मी और सैंया के रहने वाले आसिफ ने बनाया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिरहरू गांव के भूरी सिंह आठ वर्षीय बेटे डेविड और अन्य स्वजन समेत घर में टिनशेड में सो रहे थे। रात करीब एक बजे बाउंड्री फलांगकर तेंदुआ घर में घुस आया। उसने डेविड को जबड़े में दबाया और दौड़ने लगा। खटपट की आवाज से स्वजन की आंख खुल गई। बेटे को लेकर भागते तेंदुए को देख उनके होश उड़ गए।
चीखपुकार मचते ही आसपास के ग्रामीण आ गए। स्वजन ने ग्रामीणों संग तेंदुए का पीछा शुरू कर दिया। इस पर वह कुछ ही मीटर दूर डेविड को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। सूचना पर एसआइ अमर राणा गांव में पहुंचे। पुलिस ने बालक को अस्पताल भिजवाया।
बाद में वन विभाग के कर्मचारी गांव में पहुंचे और आसपास से उसके पदचिह्न के नमूने एकत्रित किए। इन्हें जांच के लिए भिजवाया गया है। उधर, सहायक पुलिस आयुक्त सैंया पीयूषकांत राय ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि प्रसारित वीडियो में तेंदुआ नजर आ रहा है। इस बारे में वन अधिकारियों को बता दिया है।