• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


चूहों की अजब-गजब करामात; आगरा में 50 करोड़ का फ्लाईओवर कर रहे खोखला, लगा दिया मिट्टी का ढेर

Updated : Thu, 09 Nov 2023 02:55 AM

उफ, ये चूहे जो न कर दें, वह कम है। अब देखिए ना। चूहे नेशनल हाईवे-19 स्थित कमलेश गुप्ता चौक (पुराना नाम रायल पब्लिक चौराहा) पर बने फ्लाईओवर को खोखला कर रहे हैं। हर दिन दीवार से बड़ी मात्रा में गिट्टी और मिट्टी बाहर निकाल कर फेंक देते हैं।

पहले तो नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने इसे किसी की शरारत समझा लेकिन पिछले एक माह से यह घटना हो रही है।

चूहों की करामात समझ इसकी शिकायत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा खंड के अधिकारियों से की गई है। जिस तरीके से चूहे मिट्टी और गिट्टी बाहर निकाल कर फेंक रहे हैं। इससे फ्लाईओवर की दोनों तरफ की लेन कमजोर हो सकती हैं।

आगरा-इटावा नेशनल हाईवे पर रायल पब्लिक चौराहा के पास अक्सर जाम की समस्या रहती थी। इससे क्षेत्रीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रीय लोगों ने इसे लेकर कई बार धरना प्रदर्शन भी किया। इस पर एनएचएआइ आगरा खंड की टीम ने 50 करोड़ रुपये से वर्ष 2020 में फ्लाईओवर का निर्माण किया। पिछले माह अंडरपास के दोनों तरफ की दीवार पर होल हैं। यह होल एनएचएआइ की टीम ने जल निकासी के लिए किए हैं। होल पर प्लास्टिक का पाइप बिछा हुआ है। 

क्षेत्रीय निवासी खजान सिंह ने बताया कि हर दिन मिट्टी और गिट्टी पड़ी रहती थी। ऐसे में यह किसी व्यक्ति का काम नहीं हो सकता है। हर दिन फोटो और वीडियो बनाए गए। दीवार के दोनों तरफ के होल के पास मिट्टी और गिट्टी पड़ी मिली। अब इसे चूहों की करामात ही माना जा रहा है।