• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


बैंक प्रबंधक सचिन उपाध्याय हत्याकांड; कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बेटी समेत गिरफ्तार

Updated : Tue, 31 Oct 2023 03:03 AM

सचिन के पिता केशव देव शर्मा ने 15 अक्टूबर को तहरीर दी थी। ताजगंज थाने में 18 अक्टूबर को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें सचिन की पत्नी प्रियंका साले कृष्णा और ससुर बिजेंद्र सिंह रावत को नामजद किया है। मुकदमे के बाद ये भूमिगत हो गए थे। पुलिस ने इनसे पूछताछ की है।

बैंक प्रबंधक सचिन उपाध्याय हत्याकांड में आरोपित पत्नी प्रियंका और ससुर कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह रावत को ताजगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड में फरार चल रही पत्नी-ससुर और पुलिस के बीच 10 दिन से लुकाछिपी का खेल चल रहा था।

दोनों भूमिगत हो गए थे। पुलिस और सर्विलांस टीम उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। दोनों के प्रयागराज जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद उन तक पहुंच गई।

ताजगंज में शमसाबाद रोड स्थित रामरघु एग्जोटिका में रहने वाले सचिन उपाध्याय बैंक प्रबंधक थे। पुलिस को 12 अक्टूबर को उनके आत्महत्या करने की सूचना मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सचिन उपाध्याय की गला दबाकर हत्या करने पुष्टि हुई।

पुलिस ने सचिन के साले को भेज दिया था पहले ही जेल

बिजेंद्र सिंह रावत कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। पुलिस ने 20 अक्टूबर को सचिन के साले कृष्णा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पत्नी प्रियंका हालत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती होना बताया था। इस दौरान वह अस्पताल से गायब हो गई थीं।

गिरफ्तारी से बचने को पत्नी और ससुर भूमिगत हो गए थे। पुलिस ने उनके रिश्तेदारों के यहां भी दस्तक दी थी। आरोपितों की 10 दिन से पुलिस से लुकाछिपी चल रही थी। सचिन के स्वजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे।

पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह ने पुलिस को निर्देश दिए थे कि पहले आरोपितों के विरुद्ध साक्ष्य जुटा लिए जाएं। दबिश के लिए गठित टीम की मानीटरिंग डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय कर रहे थे। इसी दौरान सर्विलांस टीम से मिली सूचना के बाद एक टीम प्रयागराज भेजी गई थी। शनिवार शाम को पुलिस ने आरोपित पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रविवार को हत्याकांड से जुड़े अनसुलझे सवालों के उत्तर दे सकती है। पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों आरोपितों के पकड़ने की पुष्टि तो कर रही है, लेकिन दोनों कहां से पकड़ा है, उन्होंने क्या जानकारी दी है, फिलहाल यह नहीं बता रही है।