दो दिन जल संकट से जूझेगा आगरा शहर, इन इलाकों में हो सकती है परेशानी
Updated : Sat, 28 Oct 2023 04:05 AM

बुलंदशहर के पालडा फॉल से आगरा को मिलने वाले 350 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति प्रभावित हो गई है।24 अक्टूबर से दीपावली तक अपर गंगा कैनाल सफाई के लिए बंद कर दी गई है। तीन दिन से लाइन में मौजूद मिट्टी युक्त गंगाजल की आपूर्ति हो रही थी। शुक्रवार सुबह से प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों से बाल्टी में पानी भर कर रखने की अपील की गई है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में दो दिन जल संकट रहेगा। आगरा के लोगों को दो दिनों तक पानी को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, बुलंदशहर के पालडा फॉल से आगरा को मिलने वाले 350 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
24 अक्टूबर से दीपावली तक अपर गंगा कैनाल सफाई के लिए बंद कर दी गई है। तीन दिन से लाइन में मौजूद मिट्टी युक्त गंगाजल की आपूर्ति हो रही थी। शुक्रवार सुबह से प्रभावित होने की आशंका है। वहीं विकल्प के रूप में मध्य गंगा कैनाल से गुरुवार को पानी छोड़ा गया है।
शनिवार शाम तक पानी आगरा आ पाएगा। ऐसे में दो दिन शहर जल संकट से जूझेगा और यमुना जल पर निर्भर रहेगा। दीपावली नजदीक है और घरों में साफ - सफाई के कार्य हो रहे हैं। ऐसे में जल संकट ने लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है।
गंगा कैनाल से शहर को प्रतिदिन 350 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति होती है। इसमें से 145 एमएलडी सिकंदरा जलकल, 200 एमएलडी जीवनीमंडी जलकल को मिलता है। सिकंदरा स्थित एमबीबीआर प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी है। इससे यमुना जल की आपूर्ति होती है। वर्तमान में इस प्लांट को आधी क्षमता पर चलाया जा रहा है, जिससे शहर को 72 एमएलडी यमुना जल की आपूर्ति की जाती है।
वहीं वाटर वर्क्स प्लांट से गंगाजल की आपूर्ति ही शहर को हो रही है। जल संकट खड़ा होने पर जलकल को यमुना से पानी की आपूर्ति करनी होगी। वहीं शहर में जगह-जगह टैंकर भी भेजने की तैयारी की जा रही है।