• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


आगरा के लोगों को लिए खुशखबरी! दीपावली से पहले शुरू हो सकते है दो ओवरब्रिज; इस इलाके के लोगों को मिलेगा लाभ

Updated : Mon, 11 Sep 2023 02:16 AM

राज्य सेतु निगम द्वारा जिले के दो स्थानों पर ओवरब्रिज का निर्माण नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है। इसमें आनंदी भैरो से पीलीपोखर-खंदौली को जोड़ने वाला यमुना नदी पर निर्मित होने वाला सेतु भी है। इसकी लागत लगभग 64 करोड़ है। फिलहाल इसके लिए टेंडर निकाले गए हैं, जबकि बिचपुरी रेलवे क्रासिंग पर रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) बनाया जाना है। इसके निर्माण पर 35 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है।

बिचपुरी पुल के नक्शे को मुख्यालय से अंतिम रूप दिया जा रहा है। शासन स्तर से कुछ दिन में अनुमति मिल सकती है। माना जा रहा है इस सप्ताह में टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। राज्य सेतु निगम के अभियंताओं का दावा है कि दीवाली के पहले पुल के लिए निर्माण शुरू हो सकता है।

आनंदी भैरो से डेरा बंजारा-गिजौली मार्ग पर 64 करोड़ की लागत से यमुना नदी पर पुल बनाया जा रहा है इसकी लंबाई 630 मीटर है, जबकि 7.50 मीटर चौड़ा होगा। इसलिए है महत्वपूर्ण: दयालबाग से खंदौली आने-जाने के लिए यमुना नदी पर पुल बनने से समय कम लगेगा क्योंकि दूरी कम हो जाएगी।

यहां के लोग होंगे लाभांवित

खंदौली के गिजौली, नगला भवानी, सौराई, पेतखेड़ा, मादौर, पर्वतपुर, भूड़ नगरिया आदि लोगों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। जबकि दयालबाग से खंदौली आने जाने वाले लोगों को हाथरस और अलीगढ़ मार्ग की तरफ नहीं जाना होगा।

बिचपुरी रेलवे ओवरब्रिज की लंबाई 532 मीटर है। यह फोर लेन अर्थात पुल की चौड़ाई 15 मीटर है। अमूमन पुल की चौड़ाई टू लेन होती है। इसका नक्शा स्वीकृत हो गया है। इस सप्ताह टेंडर प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

इसलिए महत्वपूर्ण है मार्ग

यह पुल राजस्थान के भरतपुर जिले को जोड़ता है। रेलवे स्टेशन के पास ही रेलवे क्रासिंग है। कुछ देर बंद होने से वाहनों की लंबी कतार हो जाती है। पुल बनने से वाहन फर्राटा भरेंगे।

लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

जगदीशपुरा, शास्त्रीपुरम, वायु विहार, पथौली, बरारा, सहारा, मिढ़ाकुर, महुअर के अलावा कई कालोनियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सीधा लाभ मिलेगा।

राज्य सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक अमित कुमार ने बताया- यमुना नदी पर आनंदी भैरो से निर्मित होने वाले पुल के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। फर्म ने आवेदन किया है। बिचपुरी रेलवे ओवरब्रिज के लिए इस सप्ताह में टेंडर शुरू हो जाएंगे। दीवाली से पहले पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।