आगरा में नकली पुलिस से रहें सावधान, अब बिजली विभाग के अधिकारी की पत्नी के गहने लूटे, अपनाते हैं ये तरीका
Updated : Tue, 15 Aug 2023 05:18 PM

शहर में नकली पुलिस बनकर घूम रहे टप्पेबाज असली पुलिस के लिए लगातार चुनौती पेश कर रहे हैं। पुलिस पूर्व में हुई तीन घटनाओं का अभी तक पर्दाफाश नहीं कर सकी है। नकली पुलिस ने एक और वारदात कर दी। लखनऊ से आईं विद्युत विभाग के पूर्व अधिकारी की पत्नी को लूटपाट का डर दिखा दो लाख के जेवरात उतरवाकर ले भागे।
राजाजी पुरम कालोनी लखनऊ की रहने वाली सुशीला मिश्रा के पति सरोज कुमार मिश्रा विद्युत विभाग में अधिकारी थे। पति की मृत्यु हो चुकी है। प्रमोदिनी ने बताया कि उनकी बेटी श्वेता की शादी बल्केश्रर आगरा में हुई है। वह 11 अगस्त को अपनी ननद प्रमोदिनी मिश्रा के साथ आगरा आई थीं। फोर्ट रेलवे स्टेशन से 11:30 बजे उन्होंने बल्केश्वर के लिए आटो किया था।
जीवनी मंडी-गधापाड़ा के बीच में बाइक सवार दो युवकों ने आटो चालक को रोक लिया। पहचान पत्र दिखाते हुए खुद पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद युवक उनसे कहने लगा कि आगे सड़क पर लूट हो गई है। पुलिस चेकिंग कर रही है। आप जेवरात को पहनकर मत रखे। इन्हें उतारकर कागज में लपेटकर रख लो। इस पर सुशीला मिश्रा और प्रमोदिनी ने अपनी सोने की चेन, अंगूठियां और कड़े उतारकर लिए। युवकों ने उन्हें कागज दिया, कहा कि इसमें पुड़िया बनाकर रख लो। इसके बाद शातिर पुड़िया को अपने हाथों में देखने के बहाने लेकर भाग गए। एसीपी छत्ता आरके सिंह ने बताया कि अभियोग दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
नई विजय नगर कालोनी हरीपर्वत के रहने वाले राजीव अग्रवाल ने पुलिस को बताया उनका जलेसर राेड टेढ़ी बगिया पर पेट्रोल पंप है।वह 11 अगस्त की शाम पेट्रोल पंप से कार से घर आ रहे थे। जलेस रोड पर एक राहगीर ने बताया कि उनके इंजन से तेल निकल रहा है। वह कार रोक कर इंजन चेक करने बाहर आए। इसी दौरान पीछे की सीट पर रखे लैपटाप बैग को टप्पेबाज लेकर भाग गए।
राजीव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि कार से लैपटाप बैग पार करने की पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में आ गई है। थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना सुमेनश विकल ने बताया कि फुटेज की मदद से आरोपित का सुराग लगा उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है।