• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Agra Flood News: यमुना में उफान, 90 गांव डूबे, 800 बीघा फसल जलमग्न, NDRF ने टापू पर फंसा परिवार किया रेस्क्यू

Updated : Tue, 18 Jul 2023 05:21 PM

खतरे के निशान से चार फीट ऊपर बह रही यमुना ने मीडियम फ्लड लेवल 499 फीट भी पार कर लिया है। 90 से अधिक गांव प्रभावित है तो 800 बीघा फसलें जलमग्न हो गई है। फतेहाबाद क्षेत्र के कई गांव का संपर्क मार्ग टूट गया है। तनोरा और सुरेरा के बीच में टापू बन जाने से छह लोग फंस गए, जिन्हें एनडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाला है। कैलाश गांव की गलियों में पानी भरने से यहां आवागमन के लिए नाव का संचालन हो रहा है, जबकि 35 परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

कैलाश मंदिर में गर्भ गृह में जलभराव से पट बंद

कैलाश मंदिर के गर्भ गृह में जलभराव होने से पट बंद कर दिए गए हैं। दयालबाग क्षेत्र के गांव में जलभराव हो गया है। तनिष्क राजश्री एस्टेट का मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसमें रह रहे थे 33 परिवार कहीं दूसरे स्थान पर जाने को तैयार नहीं है। पोइया घाट और ताजगंज मोक्षधाम में पानी भरने से अंतिम संस्कार नहीं हो पा रहे। ताजगंज मोक्ष धाम में पास की भूमि में संस्कार किए जा रहे हैं। एत्माद्दौला क्षेत्र की होती बाबा गली में चार फीट तक जलभराव होने से 15 से अधिक घरों का सामान खराब हो गया लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।

ताजमहल की दीवारों से टकरा रही यमुना

हाथीघाट स्थित स्ट्रैची ब्रिज के नीचे पानी भरने से आसपास के ट्रांसपोर्टर्स ने गोदामों को खाली दिया है। एत्माद्दौला स्मारक की निचली कोठरियों में पानी भर गया है, जबकि ताजमहल की दीवारों से भी यमुना टकरा रही है। 499.2 फीट पर पहुंची यमुना का दोपहर बाद जलस्तर थमने का अनुमान लगाया जा रहा है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शरद सौरव गिरी ने बताया यमुना जलस्तर अधिकतम 499.5 फीट तक पहुंचेगा इसके बाद स्थिर रहकर उतरना शुरू हो जाएगा।

एनडीआरएफ ने छह लोगों को किया रेस्क्यू

एनडीआरएफ ने तनौरा और सुरेरा के बीच टापू पर फंसे एक ही परिवार के छह लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। रविवार दोपहर से टापू पर फंसे हुए थे। सभी वहां खेती व मजदूरी करते हैं। सोमवार की पूरी रात जागते हुए काटी। मिट्टी खोदकर पानी से बचाव को बनाया था बंधा। सुरक्षित रेस्क्यू किए गए लोगों में राजू, भूरी देवी, गुड्डी देवी, सत्यभान, लक्की और जानकी देवी हैं।