आगरा में तेज बारिश का कहर, 24 घंटे में 35 एमएम बरसात, उटंगन नदी में टूटा बांध
Updated : Mon, 10 Jul 2023 04:54 PM

दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्सप्रेस रविवार को सरपट दौड़ी। शहर से लेकर देहात में झमाझम बरसात हुई। 24 घंटे में 35 मिलीमीटर (एमएम) बरसात होने से उटंगन नदी में बना बांध टूट गया। इससे फिरोजाबाद की तरफ जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। निबोहरा, फतेहाबाद में बिजली गिरने से एक किसान की मृत्यु हो गई। दो झुलस गए।
15 तक अच्छी बरसात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई तक बरसात के आसार हैं। जिला प्रशासन ने बरसात के दौरान बिजली के खंभों से दूर रहने और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने के लिए कहा है। बरसात से उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली।
कई जगहों पर जलभराव, ठीक से नहीं उठा कूड़ा
दूसरे दिन रविवार को शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ रही। ठीक तरीके से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं हुआ। दिनभर हुई बरसात के चलते शाहगंज रोड, गढ़ी भदौरिया रोड, सेंट जोंस से लोहामंडी रोड की एक लेन, बाईंपुर रोड सहित अन्य पर जलभराव हुआ। इससे लोगों को दिक्कतों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डलावघरों से कूड़े का उठान न होने पर नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई।
नालों में पहुंची सिल्ट
रविवार को बरसात के चलते मंटोला, काजीपाड़ा, आवास विकास कालोनी सेक्टर चार, सात, दस, बाईंपुर नाला सहित अन्य क्षेत्रों में सिल्ट का उठान नहीं हो सका। इससे सिल्ट नालों में बहकर पहुंच गई।
पशु चराने के दौरान गिरी बिजली
लालपुरा, निबोहरा निवासी नाहर सिंह रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे पशु चराने गए थे। उनके साथ गांव के ही छोटेलाल और छल्ला भी थे। खेत के एक कोने पर बैठकर तीनों वार्ता करने लगे, तभी बरसात शुरू हो गई। अचानक तीनों पर बिजली गिरी और वह झुलस गए। तीनों की आवाज सुन गांव के कप्तान सिंह व सुभाष पहुंच गए। स्वजन नाहर को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। जहां पर उनकी मौत हो गई। छोटेलाल व छल्ला का उपचार चल रहा है।