ऊर्जा क्षेत्र में एक और वैश्विक संगठन का नेतृत्व करेगा भारत, जुलाई में ही होगा वैश्विक बायोफ्यूल संघ का गठन
Updated : Sun, 02 Jul 2023 05:36 PM

जीवाश्म आधारित ईंधन (फासिल फ्यूल) की आपूर्ति के लिए हमेशा तेल उत्पादक देशों के संगठन (ओपेक) पर निर्भर रहने वाला भारत रिन्यूएबल ऊर्जा के जमाने में इसी हालात में नहीं रहना चाहता। एक तरफ देश में रिन्यूएबल ऊर्जा क्षमता बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है, वहीं भारत ने इस क्षेत्र में वैश्विक अगुआ के दौर पर स्थापित होने के लिए भी कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं।
भारत ने फ्रांस के साथ मिलकर आइएसए का किया गठन
इस तैयारी के साथ ही पहले भारत ने फ्रांस के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय सोलर एलायंस (आइएसए) का गठन किया और अब इसी तर्ज पर वैश्विक बायोफ्यूल संघ (जीबीए) के गठन की तैयारी है। इस बार भारत की इस कोशिश में अमेरिका और ब्राजील साथ होंगे और जिस तरह से आइएसए में बाद में दर्जनों देशों को जोड़ा गया, उसी तरह से जीबीए में भी नए-नए देश शामिल किए जाएंगे। इसकी घोषणा इसी महीने होने जा रही है।
पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता में बनी थी सहमति
जीबीए के बारे में पिछले महीने पीएम नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच वाशिंगटन में हुई द्विपक्षीय वार्ता में सहमति बनी थी। दोनों नेताओं ने इसकी तैयारी का स्वागत किया था और इसकी जुलाई, 2023 में घोषणा किए जाने का भरोसा जताया था। फरवरी, 2023 में इंडिया एनर्जी वीक के दौरान भारत यात्रा पर आए दुनिया के कई देशों के ऊर्जा मंत्रियों के साथ पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की जीबीए को लेकर बातचीत हुई थी।