ताजमहल में अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज, सुबह सात से 10 बजे तक स्मारक में निशुल्क मिला पर्यटकों को प्रवेश
Updated : Thu, 29 Jun 2023 04:45 PM

आज देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया जा रहा है। इस मौके पर विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल ताजमहल में भी नमाज करके मुल्क में अमन-चैन की दुआ की गई। ईद के मौके पर ताजमहल में सुबह सात से 10 बजे तक पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहता है।
नियम के अनुसार इस अवधि में स्मारक में प्रवेश के लिए भारतीय और विदेशी पर्यटकों को टिकट नहीं लेना होता है, लेकिन मुख्य मकबरे पर ऊपर जाने को पर्यटकों को 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट लेना पड़ता है।
गुरुवार को ईद-उल-अजहा पर ताजमहल को सुबह सात से 10 बजे तक निश्शुल्क रखे जाने को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के आगरा सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने आदेश जारी किया था।
आगरा में सुबह सात बजे ईदगाह पर नमाज हुई, इसके बाद 10:30 बजे तक अन्य मस्जिदों में नमाज पढ़ाई गई। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। प्रशासन ने शहर को दो सुपर जोन में बांटा था, जिससे कि किसी तरह का हंगामा न हो सके। पहले जोन में लोहामंडी और सदर, दूसरे में हरीपर्वत, कोतवाली और छत्ता को रखा गया था।
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और प्रमुख मस्जिदों के बाहर सुबह साढ़े पांच बजे से पुलिसकर्मियों की तैनाती देखने को मिली। प्रशासन ने सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देने और खुले में कुर्बानी नहीं होने की हिदायत पहले ही दे रखी थी। साइबर सेल के माध्यम से इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जा रही थी।