• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


आगरा ISBT में रात भर भटकते रहते हैं यात्री, VIDEO वायरल होने के बाद अधिकारियों की टूटी नींद

Updated : Wed, 28 Jun 2023 05:22 PM

परिवहन निगम (रोडवेज) के अधिकारियों की लचर कार्यशैली से आइएसबीटी में यात्रियों को रात में परेशान होना पड़ता है।

मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ। 1.39 मिनट के वीडियो में आइएसबीटी में कर्मचारी सो रहे थे। यात्री पूछताछ के लिए भटक रहे थे। इसकी शिकायत क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज से की गई है।

नेशनल हाईवे-19 स्थित आइएसबीटी से हर दिन 400 बसों का संचालन होता है। इसमें हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य शहरों की बसें शामिल हैं। हर दिन 25 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं।

हाल ही में किसी यात्री ने रात एक बजे का आइएसबीटी का वीडियो बना लिया। इसे इंटनरेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो में दिखाया गया कि पूछताछ सेवा केंद्र में कर्मचारी सो रहा है।

टिकट बुकिंग काउंटर पर कोई भी कर्मचारी नहीं है। क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बीपी अग्रवाल ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

निरीक्षण में रस्म अदायगी

आइएसबीटी की निगरानी का जिम्मा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जय करन सिंह के पास है। निरीक्षण के नाम पर रस्म अदायगी की जाती है। निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिलता है।

पिंक बसों की स्टेयरिंग संभालेंगी महिलाएं

पिंक बसों का संचालन जल्द ही महिला चालक करेंगी। ताज डिपो में दो महिलाओं को सह परिचालक के रूप में प्रशिक्षण दिया जा रहा है जबकि प्रशिक्षण के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

माडल ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट कानपुर में 344 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, फिर परीक्षा होगी। लेवल-4 का 400 घंटे का प्रशिक्षण होगा। अगर महिलाएं इसमें भी उत्तीर्ण हो जाती हैं तो संविदा पर रखा जाएगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज बीपी अग्रवाल ने बताया कि परिवहन निगम के नौ डिपो में 17 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जनवरी 2024 में पूरा होगा। उन्होंने बताया कि आगरा से नौ पिंक बसों का संचालन दिल्ली, लखनऊ व देहरादून के लिए होता है।