Agra News: फॉर्च्यूनर गाड़ी से आए हमलावरों ने नशेबाजी में दो युवकों को मारी गोली, फायरिंग की आवाज से फैली दहशत
Updated : Mon, 26 Jun 2023 04:46 PM

आगरा के दयालबाग क्षेत्र में सौ फीट रोड किनारे बैठकर शराब पी रहे युवकों पर रविवार देर रात फारच्यूनर गाड़ी सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। इसमें दो युवक घायल हो गए। एक के पीठ और दूसरे के पैर में गोली लग गई। उन्हें हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस को हमलावरों के वीडियो फुटेज मिले हैं। उसके आधार पर पहचान कर ली गई। हमलावर अपराधी प्रवृत्ति के हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
शराब पी रहे थे चारों युवक
नगला हवेली निवासी राहुल, नीरज, योगेश व उनका एक अन्य साथी रविवार रात 10 बजे वैभव कुंज कालोनी के पास सौ फीट रोड पर बैठे थे। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि चारों युवक शराब पी रहे थे। तभी पीछे से आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। चार-पांच राउंड फायरिंग हुई। इसमें राहुल के पीठ में और नीरज के पैर में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए।
पूर्व में जेल जा चुके हैं युवक
पुलिस को भी सूचना दे दी गई। इसके बाद घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि दोनों युवकों की हालत खतरे से बाहर है। गोली चलाने वाले युवक ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के हैं। वे अपराधी प्रवृत्ति के हैं। पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। हमलावर युवकों की तलाश की जा रही है।
कालिंदी विहार में ले पहुंचे साथी
घायल युवकों को उनके साथी देर रात कालिंदी विहार स्थित चौहान हास्पिटल में लेकर पहुंचे। वहां गोली लगने का केस देखकर अस्पताल के स्टाफ को शक हुआ। उन्होंने पूछताछ की तो साथी युवक कहने लगा कि हवा में फायर कर रहे थे, धोखे से दोनों को गोली लग गई।
युवक कह रहे थे कि बिना पुलिस को सूचना दिए उपचार कर दें, वे खर्चा देंगे। हास्पिटल प्रबंधन ने थाने में सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस पहुंच गई। युवक वहां से भाग गए। हास्पिटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकार्डिंग हो गई। इससे युवकों की पहचान हो गई है।