Agra Weather: चिलचिलाती गर्मी से मिल सकती है राहत, आज से दिखेगा बिपरजॉय का असर, दो दिन आंधी-तेज बारिश के आसार
Updated : Sat, 17 Jun 2023 05:51 PM

अरब सागर में विकसित हुए चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव शुक्रवार को आंशिक रूप से दिखा। बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मौसम पर बिपरजॉय का प्रभाव शनिवार से अधिक देखने को मिलेगा। रविवार से तेज वर्षा की संभावना है। इससे तापमान में भी चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। हालांकि शनिवार की सुबह धूप और उमस के साथ हुई।
धूप के साथ गर्मी ने किया परेशान
शुक्रवार को सामान्य दिनों की तरह धूप के साथ दिन गर्मी ने लोगों को परेशान किया। न्यूनतम तापमान की वृद्धि के कारण उमस ज्यादा महसूस हुई। पूरा दिन लोग पसीना पोंछते रहे। बीच-बीच में बादल छाए, लेकिन राहत नहीं मिली। शाम को हवा में ठंडक आई। दोपहर में ग्रामीण क्षेत्रों में पांच से सात मिनट के लिए तेज वर्षा हुई। शहर के किसी क्षेत्र में वर्षा नहीं हुई।
आंधी और तेज बारिश की संभावनाएं
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।22 जून तक बिपर्जय का प्रभाव रहेगा। रविवार और सोमवार को तेज वर्षा की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से लू की मार सह रहे लोगों को वर्षा की वजह से तापमान में आने वाली गिरावट से राहत मिलेगी। 22 जून के बाद मौसम फिर पलटी मार सकता है और तेज धूप निकलेगी।
एटा में उमस और ज्यादा बढ़ी, सबको वर्षा का इंतजार
गुजरात में आए बिपरजॉय तूफान का असर यहां भी दिखाई दे रहा है। धूप तो निकली मगर हल्की रही। सुबह से ही सूरज और बादलों की लुकाछिपी चलती रही। भीषण गर्मी से कोई विशेष राहत लोगों को नहीं मिली और तपिश बरकरार रही। हवा भी चलती रही, मगर उमस भी थी। ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी आने की सूचनाएं मिली हैं। लोग वर्षा का इंतजार कर रहे थे, मगर शुक्रवार शाम तक वर्षा नहीं हुई थी। मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था कि गुजरात में आए बिपरजॉय तूफान का असर एटा जनपद में भी देखने को मिलेगा।
किसानों को वर्षा का इंतजार
किसानों को वर्षा का इंतजार है। ताकि उनके खेतों को पानी मिल सके। इस समय खेतों को सिंचाई की आवश्यकता है। किसान चाहते हैं कि वर्षा हो ताकि धान के लिए उनके खेत पहले से ही तैयार हो सकें। इसके अलावा सब्जियों की फसल खेतों में है। उसमें भी पानी की आवश्यकता है।