• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


भारी पड़ी स्टंटबाजी, बर्थडे जश्न में हूटर बजाती कारें, खिड़कियों से लटकते दोस्त, पुलिस ने पांच को दिखाई हवालात

Updated : Tue, 13 Jun 2023 06:30 PM

आगरा में मित्र के जन्मदिन पर युवकों ने हूटर बजाती गाड़ियों का काफिला निकाला। तेज आवाज में बजते फिल्मी गानों के साथ कारों की खिड़की से लटककर स्टंट करते वीडियो बनाया। उसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया। पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें हवालात में रात में गुजारनी पड़ी। छह कारों को सीज कर दिया। एक युवक की सोमवार सुबह बीएससी की परीक्षा और दूसरा नाबालिग होने के कारण पुलिस ने थाने से छोड़ दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

रविवार की रात को इंटरनेट मीडिया में चार वीडियो प्रसारित हुए। इसमें शास्त्रीपुरम के सुनारी इलाके में हूटर बजाती कारों का काफिला निकल रहा था। युवक कारों की खिड़की से लटके थे।तेज आवाज में बजते गानों पर स्टंट कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि कार नंबराें के आधार पर उन्हें चिन्हित किया गया।

मार्बल कारोबारी के पुत्र का था जन्मदिन

पुलिस ने छानबीन की ताे पता चला कि ईंट की मंडी जगदीशपुरा निवासी मार्बल कारोबारी के पुत्र सचिन का जन्मदिन था। उसने मित्रों के साथ कारों का काफिला निकाला था। एक स्कार्पियो में हूटर लगाकर वह आगे चल रहा था। बाकी में अन्य कारों में उसके पीछे चल रहे थे। सभी सुनारी के खाली मैदान में एकत्रित हुए थे। पुलिस ने काफिले में शामिल छह कार को पकड़ लिया।

ये हुए गिरफ्तार

सचिन त्यागी और उसके मित्रों कैलाश निवासी धीरज गोस्वामी, पुष्पांजलि गार्डनिया सिकंदरा निवासी अंकित सिंह, आवास विकास कालोनी सिकंदरा निवासी उत्कर्ष, पश्चिमपुरी निवासी हरेंद्र त्यागी और लोहामंडी निवासी देव राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। सचिन त्यागी की सोमवार को परीक्षा थी। उसका प्रवेश पत्र देखने के बाद छोड़ दिया।एक अन्य आरोपित नाबालिग होने के कारण छो़ड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि सभी पांच युवकों को शांति भंग में चालान किया गया है। पकड़ी गई सभी छह कार को सीज कर दिया है।