Fire In Agra: कीठम के जंगल में लगी भीषण आग, कई वन्य जीव हुए राख, सूखी घास जलाने से उठी चिनगारी ने मचा दी तबाही
Updated : Thu, 01 Jun 2023 03:07 PM

आगरा में कीठम के जंगल में बुधवार रात को अचानक आग लग गई। सूखी घास से आग की शुरुआत हुई, लेकिन कुछ ही देर में झाड़ियों और बबूल सहित अन्य पेड़ों तक पहुंच गई। आग को तेजी कई एकड़ में फैलता देख वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सकते में आ गए। दमकल को बुलाने के लिए फोन किया गया, लेकिन वह उक्त स्थान तक पहुंच नहीं सकी। देररात तक आग को काबू में करने का प्रयास जारी रहा। इस दौरान कई वन्य जीव राख हो गए।
सूखी घास को जलाने में लगी आग
बुधवार को रात सवा आठ बजे सूर सरोवर पक्षी विहार, कीठम के निकट स्थित उद्यान विभाग के जंगल में आग ने भीषण रूप ले लिया। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में रहने वाले किसी व्यक्ति ने सफाई के बाद सूखी घास को जलाया, जिससे आग भड़कती चली गई। आग ने जब विकराल रूप लेना शुरू किया, तो कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी और दमकल को भी बुलाया।
आग ने ले लिया विकराल रूप
इस दौरान वन विभाग की टीम अपने संसाधनों और क्षेत्रीय लोगों की मदद से आग बुझाने में जुट गई। रात नौ बजे लगभग आग ने विकराल रूप ले लिया तो सभी के होश उड़ गए। तब तक दमकल भी पहुंच गई थी, लेकिन वह आग वाले स्थान तक नहीं पहुंच पाई। इस दौरान कई सांप, चिड़ियों के घोंसले भी जलकर राख हो गए। देररात तक आग पर नियंत्रण हो गया था, लेकिन पूरी तरह काबू नहीं हुई थी। स्थिति जानने के लिए उद्यान विभाग के उप निदेशक कौशल कुमार को फोन किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। वहीं वन विभाग के रेंजर गिरजेश तिवारी ने बताया कि वन विभाग का क्षेत्र, जीव इससे प्रभावित नहीं हुए।
बिजली का तार टूटने से वर्ष 2016 में लगी थी आग
वर्ष 2016 में सूरसरोवर पक्षी विहार में बिजली की 11 हजार की लाइन टूटने के कारण आग लगी थी। आग तेजी से जंगल में फैली और कई जीव, जन्तु इसका शिकार हो गए थे। पूरी रात कीठम का जंगल सुलगता रहा था। दूसरे दिन जाकर स्थिति पर काबू पाया गया था।