• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


भीषण गर्मी से छूटेंगे सभी के पसीने, असहनीय होगी सूर्य की तपिश! आने वाले 5 सालों में टूटेंगे रिकॉर्ड

Updated : Thu, 18 May 2023 05:36 PM

जलवायु परिवर्तन की वजह से मौसम का लगातार बदलना एक प्रमुख समस्या के तौर पर उभर रहा है और भारत समेत समूचा विश्व इस समय सूर्य की तपिश से परेशान है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि आने वाले पांच सालों में मौसम सबसे ज्यादा गर्म रहने वाला है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने बुधवार को एक रिपोर्ट साझा की है, जिसमें मौसम की तपिश के बारे में जानकारी दी गई है।

यूएन के मुताबिक, अल-नीनो और ग्रीन हाउस गैसों के संयुक्‍त प्रभाव के कारण तापमान में वृद्धि होगी। साल 2027 तक वैश्विक तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। यह आंकड़ा अपने आप में महत्वपूर्ण है, क्योंकि वैश्विक तापमान जल्द ही पेरिस समझौते में निर्धारित किए गए लक्ष्य को पार कर सकता है।

साल 2015 के पेरिस समझौते में सभी देशों ने ग्लोबल वार्मिंग में मापे गए औसत स्तर को 1.5 डिग्री सेल्सियस निर्धारित किया। साथ ही देशों ने यदि संभव हो तो लंबे समय तक वार्मिंग को रोकने की कोशिश करने का वादा किया है, लेकिन मौजूदा आंकड़े इससे इतर नजर आ रहे हैं और जल्द ही निर्धारित लक्ष्य के पार होने की संभावना है। साल 2022 में वैश्विक औसत तापमान 1850-1900 के औसत से 1.15 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

रिकॉर्ड स्तर पर पड़ेगी गर्मी

अबतक के सबसे गर्म आठ साल 2015 से 2022 के बीच दर्ज किए गए थे, लेकिन जलवायु परिवर्तन में तेजी आने के बाद तापमान में और अधिक वृद्धि की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, 98 फीसदी संभावना है कि अगले पांच सालों में रिकॉर्ड स्तर पर मौसम के गर्म होने की संभावना है। साथ ही अगले आने वाले पांच सालों में कम से कम एक साल ऐसा होगा जब गर्मी रिकॉर्ड स्तर पर पड़ेगी।