Agra: 61 साल की उम्र में स्वर्ण पदक जीत दी उम्र को मात, शादी के बाद शुरू की थी वेट लिफ्टिंग
Updated : Tue, 09 May 2023 05:46 PM

कुछ करने और सफल होने की कोई उम्र नहीं होती। लाजपत कुंज, सिविल लाइंस निवासी 61 वर्षीय पावर लिफ्टर ने इस बात को सच कर दिखाया है। उन्होंने शादी के बाद 38 की उम्र में वेट लिफ्टिंग शुरू की। अब 61 की उम्र में लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर एकबार फिर खुद को साबित किया है।
यह स्वर्ण पदक उन्होंने छह और सात मई को हुई प्रतियोगिता में 84 प्लस भार वर्ग मास्टर थ्री श्रेणी में जीता। बताया कि प्रतियोगिता में करीब 200 प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें 30 लड़कियां थीं। तीन राउंड में 250 किलो से अधिक वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
नम्रता गौतम बताती हैं कि शादी से पहले तक उन्होंने इसके बारे में सोचा भी नहीं था। बेटी और बेटा होने के बाद में उनकी देखभाल में व्यस्त हो गईं। बच्चे बड़े हुए, तो बढ़ते वजन को रोकने के लिए 38 की उम्र में जिम जाना शुरू किया। धीरे-धीरे शौक बढ़ता गया। मैंने स्टेडियम में इस शौक को आगे । कोच हरदीप सिंह ने वेट लिफ्टिंग के लिए प्रेरित किया। अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर सत्येंद्रेश्वरी ने प्रतियोगिताओं में उतरने की सलाह दी। वर्ष 2017 में पहली बार 55 वर्ष की उम्र में श्रीनगर में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता, जिसके बाद शौक बढ़ता गया। छह साल के करियर में जिले से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 पदक जीते हैं।
बच्चे देते हैं पूरा साथ
इनके पति स्व रामचरण गौतम वन विभाग में प्रिंसिपल चीफ पद से सेवानिवृत थे। बेटी कृति नोएडा में निजी कंपनी में कार्यरत हैं, बेटा लंदन से पढ़ाई करके लौटने के बाद उनके साथ ही पावर लिफ्टिंग कर रहा है। दोनों बच्चे उन्हें उनका शौक पूरा करने में पूरी मदद करते हैं।
पावर लिफ्टिंग में यह रही उपलब्धि
2017 श्रीनगर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत, 2018 लखनऊ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत, 2018 कोयंबटूर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत, 2018 मंगोलिया एशियन गेम्स में स्वर्ण, 2019 कनाडा कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य, 2020 गाजीपुर उप्र राज्य प्रतियोगिता में स्वर्ण, 2022 में केरल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत, 2023 में महाराष्ट्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।