लूट के लिए बदमाशों ने घर के सामने क्रिकेट खेल की थी रेकी, 40 लाख की जगह हाथ लगे थे चार हजार रुपये
Updated : Fri, 21 Apr 2023 05:12 PM

आगरा के ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र में सेवानिवृत्त दारोगा के पुत्र के घर डकैती डालने वाले सात बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपितों को घर में रखे बक्से में 40 लाख रुपये होने की जानकारी महिला से मिली थी। बक्सा ले जाने के बाद खोला तो चार हजार रुपये निकले। बक्सा और जेवरात बरामद हो गए हैं।
गांव देवामई थाना दन्नाहार मैनपुरी निवासी अवनीश प्रताप सिंह त्रिवेणी एन्क्लेव में पत्नी कामिनी और दो बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। उनके पिता सेवानिवृत्त दारोगा हैं। कामिनी को बंधक बना 17 अप्रैल की शाम को डकैती पड़ी थी। पुलिस उपायुक्त विकास कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग से पुलिस बदमाशों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपित लोकेश सिकरवार ने बताया कि उसकी मित्रता जबलरपुर निवासी सोनी नाम की महिला से है। पीड़ित अवनीश के पिता और सोनी के रिश्तेदार आगरा पुलिस लाइन आवास में रहते थे। जिसके चलते सोनी का अवनीश से परिचय था।
चार वर्ष पहले अवनीश ने सोनी से लिए थे रुपये
चार वर्ष पहले अवनीश ने सोनी को जमीन में निवेश कर रकम दोगुना करने की कहकर आठ लाख रुपये लिए थे। रकम वापस नहीं करने की शिकायत सोनी ने लोकेश से की थी। उसने दिल्ली निवासी जीजा हर्ष की मदद से अवनीश पर दबाव बनाने का प्रयास किया। हर्ष दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर पीड़ित के घर गया था। अवनीश ने एक सप्ताह में रकम लौटाने को कहा। रकम नहीं मिलने पर उन्होंने डकैती की साजिश रची। पीड़ित के घर के सामने मैदान में एक सप्ताह क्रिकेट खेलकर रेकी की थी।