दुकान से टोस्ट लेने जा रही मासूम को कुत्ते ने काटा, गाल और कान जख्मी; आसपास के लोगों ने बचाया
Updated : Sat, 15 Apr 2023 05:21 PM

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से मासूम को काटने की खबर सामने आयी है। मलपुरा के नगला रेवती में शनिवार को कुत्ते ने दो वर्ष की बच्ची को काट लिया। आसपास के लोगों ने बालिका को किसी तरह उससे बचाया। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मलपुरा के नगला रेवती में शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। कृष्ण कुमार जूता कारीगर हैं। उनकी पत्नी आशा ने अपनी दो वर्षीय पुत्री रितिका को घर के बराबर में दुकान से टोस्ट लेने भेजा था। आशा ने बताया कि दुकान के बाहर खड़े कुत्ते ने पुत्री पर हमला बोल दिया। उसके गाल और कान को जख्मी कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने रितिका को बचाया।
पड़ोस में रहने वाली वृद्धा के कुत्ते ने काटा
आशा ने बताया कि कुत्ता पड़ोस में रहने वाली वृद्धा पूरन देवी का है। आशा के साथ वृद्धा भी बच्ची को लेकर जिला अस्पताल आई थीं। उन्होंने बताया कि देसी कुत्ता पालतू नहीं है। जब वह छोटा था, तभी से उसके लिए दरवाजे पर रोटी डालती रही हैं। वह उनके दरवाजे पर ही बैठा रहता है। वह अकेली रहती हैं, कोई अपरिचित उनके दरवाजे की ओर आता है तो भौंकने लगता है। आशा ने बताया कि वृद्धा उनकी पड़ोसी हैं, मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।