• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Exercise Cope India-2023: युद्धाभ्यास में परिवहन विमानों की हवाई गतिशीलता की जांच

Updated : Thu, 13 Apr 2023 05:11 PM

बुधवार दोपहर ताजनगरी का आसमान प्रयोगशाला बन गया। परिवहन विमानों की गड़गड़ाहट ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ढाई घंटे तक भारत और अमेरिका की वायु सेनाओं ने युद्धाभ्यास में विमानों की हवाई गतिशीलता की जांच की।

युद्ध अभ्यास कोप इंडिया-2023 से दोनों वायु सेनाओं के मध्य आपसी समझ विकसित होगी। सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा किया जाएगा। विमानों की आवाजाही को ताजनगरी के लोगों ने अपने मोबाइल और कैमरे में कैद किया। कई लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर भी इसे शेयर किया।

भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और यूनाइटेड स्टेट्स एयर फोर्स (यूएसएएफ) का युद्धाभ्यास कोप इंडिया-2023 देश के तीन एयरफोर्स स्टेशन में शुरू हुआ है। इसमें आगरा एयरफोर्स स्टेशन भी है। गुरुवार को स्टेशन परिसर में सबसे पहले तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में भारत और अमेरिकी वायुसेना और जापान की एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के कर्मचारी भी मौजूद रहे। 

युद्धाभ्यास को किस तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और हवाई गतिशीलता के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। खासकर अगर विमान की ऊंचाई जमीन से कम है। किस तरीके से बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जा सकेगा।

दोपहर 12 बजे से सी-130 जे, सी-17 ग्लोब मास्टर, एएन-32 सहित अन्य परिवहन विमानों ने उड़ान भरना शुरू किया। इन विमानों ने ताजनगरी के आसमान के कई चक्कर लगाए और फिर हवाई गतिशीलता की जांच की गई। विमानों की लगातार आवाजाही से आसमान गड़गड़ाने लगा। ढाई घंटे तक युद्धाभ्यास चला फिर स्टेशन में तकनीकी सत्र का समापन हुआ। युद्धाभ्यास का समापन 21 अप्रैल को होगा।

कलाईकुंडा स्टेशन में दूसरे चरण का युद्धाभ्यास आज से

पश्चिम बंगाल स्थित एयरफोर्स स्टेशन कलाईकुंडा में युद्धाभ्यास कोप इंडिया-2023 का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इस चरण में अमेरिकी बमवर्षक और भारत के फाइटर प्लेन शामिल होंगे। यह 24 अप्रैल तक चलेगा।