आगरा में डकैती के केस में फंसे भाजयुमो महानगर अध्यक्ष, मारपीट-लूटपाट के आरोप, सेना के जवान ने दर्ज कराया केस
Updated : Tue, 04 Apr 2023 04:37 PM

आगरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित समेत चार लोगों पर डकैती के आरोप में अभियोग दर्ज किया गया है। अभियोग में नायब सूबेदार फिरोज खान ने घर पर हमला बोलकर मारपीट, लूटपाट करने का आरोप लगाया है। मामले में दूसरे पक्ष ने एक सप्ताह पहले एससी/एसटी एक्ट का अभियोग दर्ज कराया था। विवाद की शुरुआत 25 मार्च को हुई।
गेंद मारकर तोड़ दिया कार का शीशा
त्रिवेणी नगर गढ़ी भदौरिया निवासी मिथलेश मौर्य परिवार के साथ आदर्श नगर स्थित एक अस्पताल में परिचित को देखने गई थीं। आरोप है कि वहां क्रिकेट की गेंद मारकर उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। विरोध करने पर युवक के साथी आ गए। उनसे गाली-गलौज की। मिथलेश ने मामले में फरीद खान, इरशाद, गफूर और तीन अज्ञात पर एससी/एसटी एक्ट की धारा अभियोग दर्ज कराया।
जाेधपुर में तैनात है सैनिक
सोमवार को आदर्श नगर निवासी फिरोज खान आजाद ने अभियोग दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सेना में नायब सूबेदार हैं। जोधपुर में तैनात हैं। उनके पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। छोटे भाई पुलिस और वायुसेना में कार्यरत हैं। फिरोज खान का आरोप है कि 25 मार्च को दो दर्जन लोगों ने उनके घर में लूटपाट की। उनके पुत्र इरशाद और भाई फरीद को डंडों से पीटा।