बॉलीवुड में राजनीति पर Priyanka Chopra के खुलासे के बाद बोले अमाल मलिक
Updated : Tue, 28 Mar 2023 05:29 PM

प्रियंका चोपड़ा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उनके खिलाफ बॉलीवुड में राजनीति हो रही थी। उन्हें एक कोने में धकेला जा रहा था, जिसकी वजह से प्रियंका को बॉलीवुड छोड़ हॉलीवुड का रुख करना पड़ा। इस खुलासे के बाद से सोशल मीडिया में सनसनी मची हुई है।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सेलिब्रिटीज उनके सपोर्ट में आ रहे हैं। कंगना रनोट और विवेक अग्निहोत्री के बाद अब म्यूजिक कम्पोजर और सिंगर अमाल मलिक ने प्रियंका की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि यही वजह है, वो ज्यादा बॉलीवुड फिल्में नहीं करते।
अमाल मलिक ने गुटबाजी पर साधा निशाना
अमाल ने प्रियंका के इंटरव्यू से जुड़ी एक खबर को शेयर करते हुए लिखा- यह कुछ ऐसा है, जिसका मैं हर रोज सामना करता हूं। जब फैंस मुझसे पूछते हैं कि मैं ज्यादा बॉलीवुड फिल्में क्यों नहीं करता, अब आप समझ गये होंगे। बॉलीवुड में गुटबाजी, तलवे चाटना और पावरप्ले की सच्चाई जल्दी-जल्दी सामने आनी चाहिए। देखिए, इतनी शानदार महिला के साथ उन्होंने क्या करने की कोशिश की।
बता दें, अमाल मलिक, जाने-माने संगीतकार अनु मलिक के छोटे भाई डब्बू मलिक के बड़े बेटे हैं। अमाल ने 2014 में सोहेल खान की फिल्म जय हो से बतौर म्यूजिक कम्पोजर डेब्यू किया था। फिल्म के तीन गानों का संगीत उन्होंने तैयार किया था। अमाल अब सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान का संगीत दे रहे हैं। अमाल खुद भी गाने गाते हैं और कई हिट गाने उनके नाम हैं।